अमरोहा: सील ओटी में किया ऑपरेशन, गर्भवती की मौत
परिजनों के हंगामा करने पर संचालक फरार हो गए, रिपोर्ट दर्ज की गई
मंडी धनौरा, अमृत विचार। नगर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई और ऑपरेशन थिएटर सीलिंग के बावजूद निजी अस्पतालों की मनमानी लगातार सामने आ रही है। गुरुवार को एक बार फिर एक लापरवाही भरे ऑपरेशन ने 26 वर्षीय महिला की जान ले ली। परिजनों के हंगामा करने पर संचालक फरार हो गया। अस्पताल फिर सील कर दिया गया।
मामला क्षेत्र के गांव डींगरा का है। यहां के निवासी मोनू सैनी की पत्नी काजल सैनी (26) को प्रसव पीड़ा होने पर नगर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई। डॉक्टर ने खुद को जिम्मेदारी से बचाने के लिए महिला को मुरादाबाद रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने जमकर हंगामा कर चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद से संचालक फरार हो गया। परिजनों ने आरोपी संचालक व उसके साथियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
हैरान करने वाली बात यह है कि जिस निजी अस्पताल में काजल सैनी का ऑपरेशन किया गया। उसका ऑपरेशन थिएटर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सील किया जा चुका था। इसके बावजूद ऑपरेशन किया जा रहा था। मृतका के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना जोखिम भरा ऑपरेशन किया। जब ऑपरेशन के दौरान हालत बिगड़ गई और मामला हाथ से निकलता नजर आया, तो उसे गंभीर बताकर रेफर कर दिया गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
इससे पहले नवाबपुरा स्थित माधव नर्सिंग होम में जच्चा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने धनौरा क्षेत्र के करीब एक दर्जन अवैध निजी अस्पतालों की ओटी सील की थी। बावजूद इसके निजी अस्पताल संचालकों ने कोई सबक नहीं लिया। हाल ही में बिजनौर नर्सिंग होम में भी सील ओटी का ताला काटकर ऑपरेशन किए जाने का मामला सामने आया था, जिसे पुलिस की मौजूदगी में दोबारा सील किया गया था। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर राहुल कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से पुष्टि की कि संबंधित अस्पताल की ऑपरेशन थिएटर पहले से ही सील थी, इसके बावजूद वहां अवैध रूप से ऑपरेशन किया जा रहा था।
संचालक पर रिपोर्ट दर्ज
सीएचसी प्रभारी डॉ. राहुल कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। अस्पताल संचालक मनोज कुमार व मंजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना प्रभारी बालेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा दी गई तहरीर पर अस्पताल संचालक महिला व पुरुष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
