बाराबंकी : ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ आयोजित हों कार्यक्रम, डीएम ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी गणतंत्र दिवस 2026 और 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने कार्यक्रमों की रूपरेखा, समय-सारिणी और विभागवार जिम्मेदारियों का विन्दुवार विवरण प्रस्तुत किया। 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 26 जनवरी को सुबह 08:30 बजे जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सभी शिक्षण संस्थानों में 10:00 बजे ध्वजारोहण एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से राष्ट्रभक्ति पर आधारित कार्यक्रम सुनिश्चित किए जाएं। मुख्य समारोह में पुलिस परेड और सलामी शासन की परंपराओं के अनुसार आयोजित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त जिला कारागार, वृद्धाश्रम, बालगृह एवं जिला चिकित्सालय में सेवा एवं सम्मान से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। बैठक में 25 जनवरी को आयोजित होने वाले 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बूथ स्तर पर बीएलओ द्वारा मतदाता शपथ और पुनरीक्षण अभियान के तहत आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जहां जिलाधिकारी उपस्थित मतदाताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाएंगे। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “माई इंडिया, माई वोट” के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संबंधित समाचार