''लोकतंत्र नहीं एकतंत्र पर भरोसा करती है भाजपा", सरकार पर फिर आक्रामक हुए अखिलेश यादव
यूपी की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, बोले- पुलिस सुधार का पूरा सिस्टम कर दिया बर्बाद
लखनऊ, अमृत विचार : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक बार फिर केंद्र-राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा पर बड़ा प्रहार किया है। अखिलेश ने कहा, भाजपा लोकतंत्र नहीं मानती। एकतंत्र पर भरोसा करती है। सांप्रदायिक एजेंडे पर काम करती है। सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था और विदेश नीति बर्बाद कर दी। डॉलर के मुकाबले रुपये में निरतंर गिरावट जारी है। निवेश ठहरा है। पेट्रोल-डीजल और गैस को लेकर हालात सामने हैं। पूर्व सीएम ने सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है।
इंडिया गठबंधन से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि ये सीमेंटेड है। पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी को बहुत परेशान किया। एजेंसियां लगाईं। चुनाव आयोग के जरिये अधिकारियों को हटवाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग एसआईआर नहीं बल्कि एनआरसी करवा रहा था। हिंदू-मुस्लिम दोनों समाज के कागज चेक किए गए। फर्जी तरीके से वोट कटवाने समेत आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यूपी की कानून व्यवस्था पर कहा कि यह पूरी तरह बर्बाद है। एनसीआरबी का हवाला देते हुए कहा कि सबसे ज्यादा क्राइम यूपी में है। महिलाएं असुरक्षित हैं। सीएम और पीएम के संसदीय क्षेत्र में दिन-दहाड़े हत्याएं हो रहीं। मथुरा में एक संत की हत्या कर दी गई। हमारी सरकार में जो पुलिस सुधार हुआ था-उसे तहस-नहस कर दिया गया।
भाजपा पर धर्म के आधार पर राष्ट्रीयता की पहचान का आरोप लगाते हुए कहा कि सभी देशवासी हमारे अपने हैं। पीड़ित, शोषित, वंचित, दलित-अल्पसंख्यक और महिलाएं, जो भी परेशान है। वह पीडीए के साथ है। सपा सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी ने सबसे कम समय में एक्सप्रेस-वे बनाकर दिखाया। आज, एनएचआई उसे कॉपी कर रहा है। आज सीएम को समाजवादी सरकार में बनाये गये कैंसर इंस्टीट्यूट, लखनऊ मेट्रो, आगरा एक्सप्रेस-वे, आईटी सिटी, लोक भवन नहीं दिखाई दे रहा है।
सपा में आजम खान सबसे ऊपर
आजम खान से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह पार्टी में सबसे ऊपर हैं। सबसे ज्यादा उनका सम्मान हैं। अगले चुनाव में सपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां सकारात्मकता है वहा उन्नति है। पॉजिटिविटी का कोई तोड़ नहीं। आंबेडकर से लेकर लोहिया, जेपी और नेताजी तक, सबने समानता, बराबरी पर जोर दिया। किसान-नौजवान, महिलाओं के हित में कार्य किए। आज शंकराचार्य तक पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ रही है। कई जिलों में बोरे में पकड़ा गया है। ओटीटी पर बहुत सीरियल बने हैं, इस बार गांजागंज भी बनने जा रहा है।
संकट के समय कहां गायब हैं भाजपाई
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से कुछ गंभीर प्रश्न हैं। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी और सेवा का दावा करने वाले भाजपाई और उनके संगी-साथी अब कहां नदारद हैं? गैस और तेल की लाइनों में लगे लोगों को समझाने और सिलेंडर व तेल दिलवाने के लिए वो गले में भाजपा का पट्टा और गाड़ियों पर भाजपा का झंडा लगाकर क्यों नहीं निकल रहे हैं?" उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि क्रोनोलॉजी समझिए। संकट का प्रचार करेंगे। लोगों को परेशान करेंगे। बाद में बढ़े दाम वसूल करेंगे। उन्होंने कालाबाज़ारी करके अकूत दौलत कमाने का आरोप लगाया है।
