पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को मिला कर्मवीर राजनेता रंगभारती सम्मान, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया सम्मानित
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था रंगभारती और उत्तर प्रदेश नागरिक परिषद ने राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को कर्मवीर राजनेता रंगभारती सम्मान से अलंकृत किया। हिन्दी संस्थान के निराला सभागार में परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम मेंउप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कलराज मिश्र को सम्मान प्रदान किया।
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की परंपरा श्याम कुमार ने शुरू की। इस पर कलराज मिश्र ने कहा कि जब भाजपा छोटी सी थी, श्याम कुमार उस समय से कार्यालय में दरी बिछाकर साथ में बैठते थे। इसमें सभी बड़े पत्रकार रहते थे। इस दौर के पत्रकारों से बेहद आत्मीयतापूर्ण संबंध थे। जनता का फीडबैक भी उनसे मिलता था। ब्रजेश पाठक ने कहा कि श्याम कुमार के मामले में उम्र बाधा नहीं, अवसर है। उनका जज्बा देखकर प्रेरणा मिलती है। उम्र की इस दहलीज पर लोग अस्पताल जाते हैं। मीनमेख निकालते हैं, लेकिन श्याम कुमार के मामले में अस्पताल मुरीद हो जाता है। उन्होंने कहा कि कलराज मिश्र से बहुत सीखने को मिला। बड़े से बड़े पद पर रहकर भी वो जमीन से जुड़े रहे।
इनको भी किया गया सम्मानित
स्नायु तन्त्र विशेषग्य डॉ. अतुल अग्रवाल को धन्वन्तरि रंगभारती सम्मान, बलरामपुर अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता आर्य, उदर रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार भट्ट, दूरसंचार विभाग से सेवानिवृत्त शब्बीर अहमद को विश्वेश्रैया रंगभारती सम्मान, हाकी खिलाड़ी मोहम्मद दानिश को ध्यानचंद रंगभारती सम्मान, समाजसेवी वर्षा वर्मा को धर्म किशोर रंगभारती सम्मान, रंगकर्मी डॉ. राकेश निगम को भरतमुनि रंगभारती सम्मान, गायक प्रदीप अली को जगजीत सिंह रंगभारती सम्मान, दिनेश सहगल और कमलेश पाठक को कर्तव्यभूषण रंगभारती सम्मान, वरिष्ठ रंगकर्मी विजय वास्तव को आजीवन उपलब्धि रंगभारती सम्मान से अलंकृत किया गया। सुरेश मणि त्रिपाठी, रामकांति देवी, शीला देवी, राशिद खान, मनसा सिंह, रमेश चंद्र, रुकैया परवीन व यूथ हास्टल आफ इंडिया की लखनऊ इकाई शान-ए-अवध के शराफत अली को सम्मानित किया गया।
