लखीमपुर खीरी: फाटक नहीं खुले तो ट्रेन और हाईवे जाम करेंगे किसान

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

भानपुर/भीरा। भीरा थाना क्षेत्र के मटेहिया गांव में भारतीय किसान मजदूर यूनियन (सिंघानिया) के बैनर तले किसानों ने डगरा समपार फाटक संख्या 148, 147 व 146 को खुलवाने की मांग को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र फाटक नहीं खोले गए तो ट्रेन रोकने के साथ हाईवे जाम किया जाएगा।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। भीरा और पलिया पुलिस के साथ ही रेलवे पुलिस (जीआरपी), आरपीएफ, राजस्व विभाग और रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और किसानों को मनाने की कोशिश की, लेकिन किसान नहीं माने और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर अड़ गए। किसानों ने साफतौर पर दो टूक कहा कि जब तक डीएम मौके पर नहीं आती और किसानों की समस्या का स्थाई समाधान नहीं कराती। 

तब तक धरना जारी रहेगा। हालात बिगड़ते देख प्रशासनिक अफसरों को सूचना दी गई। इसके बाद पलिया के नायब तहसीलदार अखिलेश श्रीवास्तव, लेखपाल जगन्नाथ सिंह व गोपाल सिंह पहुंचे और थानाध्यक्ष भीरा रोहित दुबे, थानाध्यक्ष पलिया पंकज त्रिपाठी जीआरपी से सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम सहाय सिंह, मैलानी थानाध्यक्ष बृजेश मौर्या और आरपीएफ से शिवम कुमार यादव के साथ मिलकर किसानों को समझाया, लेकिन वह नहीं माने और मौके पर डटे रहे। 

किसानों ने दोपहर करीब 1:30 बजे आने वाली ट्रेन संख्या 52261 नानपारा–मैलानी को रोकने की रणनीति बनाई, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। संभावित टकराव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसी दौरान कुछ किसान हाईवे जाम करने के लिए आगे बढ़े, लेकिन पलिया एसओ पंकज त्रिपाठी और भीरा एसओ रोहित दुबे ने समझदारी दिखाते हुए किसानों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। बाद में गोला एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी मौके पर पहुंचीं और भारतीय किसान मजदूर यूनियन (सिंघानिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष से वार्ता की। उन्होंने रेलवे के उच्च अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। 

एसडीएम ने बताया कि रेलवे के सक्षम अधिकारियों से समन्वय कर लगभग 10 दिनों के भीतर समपार फाटक खुलवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद किसानों ने एसडीएम गोला को ज्ञापन सौंपा। तब जाकर कहीं पांच घंटे बाद धरना समाप्त हो सका। किसानों ने कहा कि निर्धारित समय में यदि समपार क्राॅसिंग नहीं खुली तो वह फिर धरना-प्रदश4न कर उग्र आंदोलन करेंगे। धरना-प्रदर्शन में भारतीय किसान मजदूर यूनियन (सिंघानिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट एसके सिंघानिया, नंदकिशोर आर्य, बाराबंकी जिलाध्यक्ष सरदार वीरेंद्र सिंह, सीतापुर जिलाध्यक्ष विजय सिंह, लखीमपुर जिलाध्यक्ष अमर सिंह तोमर, लखनऊ मंडल अध्यक्ष रमाकांत दीक्षित, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि करन वर्मा, पलिया तहसील अध्यक्ष सहाब चंद सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।

संबंधित समाचार