Bareilly: सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने देर रात अपना आवास किया खाली
बरेली, अमृत विचार। यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार देर रात अपना आवास खाली कर दिया। लेकिन बाद में उन्होंने अपने आवास में ही रात गुजारी। आवास खाली करने से पहले उन्होंने जिलाधिकारी आवास में खुद को बंधक बनाने का आरोप लगाया था। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि अब इस आवास में रहना उनके लिए खतरा है।
दरअसल यूजीसी रेग्युलेशन-2026 को लेकर हर तरफ विरोध जारी है, इसी कड़ी में सोमवार को बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने इस्तीफे का ऐलान कर सबको चौंका दिया। उन्हें बातचीत के लिए जिलाधिकारी आवास बुलाया गया। जहां से निकलने के बाद उन्होंने खुद को बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया। मीडिया से बात करते हुए उन्होनें कहा था कि उनकी जान को खतरा है, लिहाजा अब उनको अपना आवास भी छोड़ना पड़ेगा। हालांकि जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उनके इन आरोपों से इन्कार किया था।
सोमवार देर रात उनके आवास के बाहर वाहन नजर आए। जिसमें कुछ लोग तत्काल सामान वाहन में शिफ्ट करते नजर आए। सूचना है कि देर रात ही उन्होंने अपना आवास खाली कर दिया। अलंकार अग्निहोत्री के समर्थन में काफी संगठन आ गए हैं, कलेक्ट्रेट पर मंगलवार को बड़ा प्रदर्शन करने की भी तैयारी है।
मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के निलंबंन का आदेश यूपी सरकार ने जारी कर दिया। उन्हें कलेक्टर कार्यालय शामली से संबद्ध किया गया है। निलंबित होने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने इस आदेश पर कोर्ट का सहारा लेने की बात कही है।
