Bareilly: महिला के कुंडल छीनकर भागने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
बरेली, अमृत विचार। बीती 19 जनवरी को अय्यूब खां चौराहे पर स्कूटी सवार महिला के साथ छिनैती की घटना को अंजाम दिया गया था। बदमाश महिला के कान से कुंडल छीनकर फरार हो गया था। अब इस मामले में कोतवाली पुलिस ने छिनैती करने वाले बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल महिला ने अपने साथ हुई घटना रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। गणतंत्र दिवस की रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने बदमाश को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान युवक को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा और रेलवे कॉलोनी के जंगल में घुस गया। जहां आगे जाकर उसकी बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस को अपनी तरफ आता देख उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो गोली बदमाश के पैर में लगी। पकड़े जाने पर उसकी पहचान दिव्यांश वर्मा उर्व अंकित निवासी गौशाला वाली गली थाना कैंट के रूप में की गई। बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस, कान का कुंडल और महिला से छीने गए कुंडल बेचने के बाद मिले 5570 रुपये व बाइक और फोन भी बरामद किया गया। फिलहाल घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
