मे क्वीन 2026: बरेली की 20 सुंदरियों को पछाड़कर जीता खिताब, आद्या सिंह के सिर सजा ताज
बरेली, अमृत विचार। प्रतिष्ठित बरेली क्लब में आयोजित मे क्वीन 2026 बॉल प्रतियोगिता में आर्मी अफसर की बेटी आद्या सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, हालांकि आद्या सिंह अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से मुकाबले में नंबर-1 साबित हुईं।

20 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
शनिवार रात बरेली क्लब में संपन्न ‘मे क्वीन प्रतियोगिता’ में सौंदर्य और प्रतिभा का गजब संगम देखने को मिला। आयोजन में 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शुरुआत परिचय और आकर्षक रैंप वॉक से हुई। टैलेंट राउंड में प्रतिभागियों ने भारतीय गीत, शास्त्रीय नृत्य और कविता प्रस्तुति देकर खूब सराहना बटोरी। चीफ ऑब्जर्वर्स बिनवंत जीत कौर, कुमुद शेखावत और सनी चावला रहीं। जज पैनल की भूमिका प्रिया अग्रवाल, रेणु सिंह, अर्चना चौधरी, सागरिका साहू, मोनिका बांदी, मेजर सपना कुकरेती (सेवानिवृत्त) और मीनाक्षी खंडेलवाल ने बखूबी निभाई।

आद्या ने पिता को दिया जीत का श्रेय
ग्रूमिंग एवं प्रशिक्षण मिसेज इंडिया वर्ल्ड वाइड आमंद ग्रेवाल द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन कर्नल बेदी एवं श्रीमती बेदी ने किया। मे क्वीन चुने जाने पर लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा के साथ पिछली विजेता प्राची सिंह ने आद्या सिंह के सिर पर ताज सजाकर उन्हें सम्मानित किया। मूल रूप से प्रतापगढ़ निवासी आद्या सिंह ने सफलता का श्रेय अपने पिता लेफ्टिनेंट कर्नल अभिनव सिंह और मां और स्वेता सिंह को दिया। अनुष्का आनंद प्रथम उपविजेता और मिस श्वेता सिंह द्वितीय उपविजेता घोषित हुईं।

ऐश्वर्या बनीं मिस रैंप वॉक
विशेष खिताब में आद्या मिश्रा को मिस फोटोजेनिक, ऐश्वर्या राय को मिस रैंप वॉक, हर्षिता नेगी को मिस टैलेंटेड, मानसी भदौरिया को मिस फैशन आइकॉन 2026, महिमा सिंह को मिस इंटेलेक्चुअल, मोनिका थापा को मिस चार्मिंग तथा उन्नति देवा को मिस ब्यूटीफुल हेयर चुना गया। कार्यक्रम ने उस समय की यादें ताजा करा दीं, जब बरेली की बेटी प्रियंका चौपड़ा मे क्वीन चुनी गई थीं और बाद में मिस वर्ल्ड खिताब अपने नाम किया था। कार्यक्रम में बच्चों के नृत्य एवं गायन दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन की सफलता में ब्रिगेडियर हरजीत प्रीतपाल सिंह (कमांडेंट, जाट रेजिमेंटल सेंटर), बरेली क्लब के सेक्रेटरी कर्नल कमलजीत सिंह तथा डायरेक्टर्स अनंतबीर सिंह, राजा चावला, विपिन अग्रवाल और विजय कपूर का विशेष योगदान रहा।
