Lucknow News: दुष्कर्म कर 11 साल तक ब्लैकमेल कर किया शोषण, ऐंठे दो लाख

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

डीसीपी उत्तरी के आदेश पर रिपोर्ट, आरोपी रिश्तेदार गिरफ्तार

लखनऊ, अमृत विचार: मड़ियांव में परिचित ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर युवती से दुष्कर्म किया। उसके बाद वीडियो और फोटो बनाकर 11 साल तक यौन शोषण करता रहा। यही नहीं ब्लैकमेल कर 2 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। शादी तय हुई तो आरोपी ने लड़केवालों को फोटो भेजकर तुड़वा दी। जिंदगी बर्बाद होती देख पीड़िता ने डीसीपी उत्तरी से शिकायत की। निर्देश पर मड़ियांव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी संत शरण मौर्या निवासी फैजुल्लागंज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी के चालक शाबान अंसारी, भांजे प्रिंस व अज्ञात की तलाश कर रही है।

चार बार तुड़वाई शादी, एसिड अटैक की धमकी

पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी चार अलग-अलग जगह तय हुई, लेकिन हर बार आरोपी ने तुड़वा दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी डालीगंज स्थित इंस्टीट्यूट के रास्ते से उसे जबरन अपने ड्राइवर शाबान अंसारी के साथ ले जाता और अपनी एसयूवी में दुष्कर्म काम करता था। 10 नवंबर 2025 को आरोपी रास्ते से उसे गाड़ी में बैठाकर अपने घर ले गया और गलत काम किया। विरोध करने पर तेजाब से जलाने की धमकी दी।

शिकायत पर चौकी में हुआ समझौता

पीड़िता ने बताया कि 30 नवंबर 2025 को युवती पिता की दवा देने गल्ला मंडी सीतापुर रोड गई थी। वहां आरोपी और उसके भांजे ने उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती ने विरोध किया तो पिटाई कर दी। पुलिस के आने पर दोनों पक्ष गल्लामंडी चौकी पहुंचे। वहां पर आरोपियों के दबाव में सुलह करा दिया गया। इसी दौरान युवती की शादी कानपुर निवासी युवक से तय हुई। शादी नौ मार्च 2026 को होनी थी। जानकारी होती ही आरोपी संत शरण ने कानपुर जाकर वर पक्ष को अश्लील वीडियो और फोटो दे दी। जिससे शादी फिर से टूट गई। विरोध पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।

संबंधित समाचार