गोंडा : मेडिकल कॉलेज की कमान बदली, डॉ. बीना सिंह बनीं कार्यवाहक प्रधानाचार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में तीन वर्ष बाद प्रशासनिक बदलाव हुआ है। प्रथम प्रधानाचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थानें का कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्हें सोमवार को औपचारिक रूप से कार्यमुक्त कर दिया गया। शासन ने बॉयोकेमिस्ट्री विभाग की प्रोफेसर डॉ. बीना सिंह को तत्काल प्रभाव से कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त किया है।

डॉ. कोटास्थाने को जनवरी 2023 में तीन वर्ष की संविदा पर नियुक्त किया गया था। उनके कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज ने नेशनल मेडिकल कमीशन के मानकों को पूरा करते हुए लेटर ऑफ परमीशन प्राप्त किया, जिससे एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो सकी। इस दौरान एमबीबीएस के दो बैचों का सफल संचालन भी किया गया।

उनके नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज के आधारभूत ढांचे, शैक्षणिक व्यवस्था और अस्पताल सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए। हालांकि अस्पताल में चूहे का वीडियो वायरल होने के बाद व्यवस्थाओं पर सवाल भी उठे थे, जिसके बाद नई बिल्डिंग में ओपीडी सहित कुछ विभाग शुरू किए गए। स्थायी प्रधानाचार्य की नियुक्ति तक प्रो. डॉ. बीना सिंह कार्यवाहक प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी संभालेंगी।

संबंधित समाचार