कानपुर : ऐसा कोई गली कूचा नहीं, जिसे जाम ने जकड़ा नहीं, टाटमिल का जाम अफीमकोठी पहुंचा, यू टर्न बना मुसीबत
कानपुर, अमृत विचार। सोमवार को अचानक यातायात का दबाव बढ़ गया जिससे दिनभर लाखों लोग परेशान रहे। मुख्य मार्ग छोड़कर जिन लोगों ने गलियों, तंग रास्तों से निकलने की कोशिश की, वहीं फंसकर रह गये। दोपहर में तो पूरे शहर का बुरा हाल हो गया। उन रास्तों पर घंटों लोग फंसे रहे, जहां कभी जाम ही नहीं लगा। जाम को यू टर्न ने और विकराल बनाया।
अपने शहर में चौराहों का जाम छुड़ाने के लिए चौराहे से 50 से 100 मीटर की दूरी पर यू टर्न बना दिया गया है, आप यू टर्न लोकर चलिए लेकिन ये ये टर्न अब मुसीबत बन चुका है। दोपहर 2 बजे जूही खलवा पर भीषण जाम लगा जिसमें हजारों एक दूसरे में उलझे रहे। इसी जाम में कई स्कूली बसें भी फंसी रही।
टाटमिल पर तो ऐसा भीषण जाम लगा कि ये जाम अफीम कोठी चौराहा तक पहुंच गया। यहां टाटमिल चौराहा पार करने में लोगों को एक एक घंटे का समय लगा। अफीम कोठी चौराहा बंद है, ऐसे में पेट्रोल पंप के सामने से यू टर्न लेकर ही कोई जूही ढाल की ओर जा सकता है। ये यू टर्न अब मुसीबत बन चुका है।
हर्ष नगर में पेट्रोल पंप के सामने का रास्ता बंद कर दिया गया है, अब आप बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के सामने से यू टर्न लेकर ही चुन्नीगंज की ओर जा सकेंगे। इस मार्ग पर बजरिया में दो ऐंबुलेंस फंसी रही। इसी प्रकार जरीब चौकी चौराहा का चारों ओर से बेरीकेडिंग करके अफीम कोठी की ओर धर्मकांटा के सामने से यू टर्न लेकर ही कोई जरीब चौकी क्रासिंग या जीटी रोड पर जा चल सकता है, अब इस यू टर्न पर भीषण जाम लग रहा है।
ऐसे ही जरीब चौकी मुख्य मार्ग के जाम से बचने के लिए हजारों लोगों ने लेनिन पार्क होकर निकलने की कोशिश की तो ये रुट भी जाम हो गया। इसी प्रकार संगीत टाकीज के सामने से लेनिन पार्क तक वाहन रेंगते रहे। घनी आबादी वाले क्षेत्र रुपम चौराहा से पानी की टंकी, रहमानी मार्केट, तलाक महल होते हुए यतीमखाना जाने वाला मार्ग बुरी तरह ई रिक्शों की अराजकता से जकड़ा रहा। रुपम से दलेलपुरवा, इफ्तिखाराबाद, लाटूश रोड, सादिक शाह बाबा रोड भी बुरी तरह जाम में कई घंटे जकड़ा रहा।
