आजमगढ़ : एटीएम ठगी गिरोह का वांछित अभियुक्त मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में लखनऊ समेत पांच जिलों में आपराधिक नेटवर्क संचालित करने वाले अंतर्जनपदीय वांछित अभियुक्त को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त एटीएम से चोरी और संगठित ठगी की घटनाओं में संलिप्त था।

उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, एक अर्टिगा कार, एटीएम कैश टैपिंग उपकरण, 11 प्लास्टिक स्ट्रिप, सांचा, कटर मशीन, मेटल कटर, टेस्टर, तीन एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन तथा 2,530 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

गंभीरपुर थाना पुलिस के अनुसार 29 जनवरी को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा रानीपुर रजमो के प्रबंधक ने एटीएम से 20,000 रुपये की निकासी विफल होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि अज्ञात व्यक्ति ने कैश डिस्पेंसर में अवैध कैश टैपिंग/स्कीमिंग डिवाइस लगाकर नकदी को मशीन के मुहाने पर फंसा दिया था, जिसे बाद में निकाल लिया गया। इस संबंध में थाना गंभीरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि रोहुआ मुस्तफाबाद के पास वाहन चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि एटीएम ठगी में शामिल अभियुक्त अर्टिगा कार से आ रहा है। घेराबंदी पर अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय कुमार (33) निवासी पौधन रामपुर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध बस्ती, लखनऊ, जौनपुर, अम्बेडकरनगर सहित विभिन्न जनपदों में 13 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

संबंधित समाचार