स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : गोंडा के मेडीसन हॉस्पिटल पर लगेगा ताला, सीएमओ ने दिया आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अस्पताल के डाक्टरों की लापरवाही से गई थी महिला की जान

गोंडा, अमृत विचार। प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में शहर के आईटीआई रोड पर संचालित मेडीसन हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच में दोषी पाए जाने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने अस्पताल को सील करने का आदेश जारी कर दिया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही के खिलाफ एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के केशवपुर पहड़वा निवासी सूरज ने बीते जुलाई माह में अपनी पत्नी तारा को प्रसव के लिए मेडीसन हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार, प्रसव के दौरान डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही के चलते तारा की हालत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया था और दोषी डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन सीएमओ ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया था। टीम ने विस्तृत जांच के बाद अपनी रिपोर्ट में मेडीसन हॉस्पिटल और वहां कार्यरत डॉक्टरों को स्पष्ट रूप से दोषी ठहराया। रिपोर्ट में कहा गया कि प्रसव के दौरान मानक चिकित्सा प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण महिला की जान चली गई।

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद वर्तमान सीएमओ डॉ. संतलाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हॉस्पिटल सील करने का आदेश दिया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पतालों में व्याप्त लापरवाही पर लगाम लगाने की उम्मीद जताई जा रही है। 

 

संबंधित समाचार