बाराबंकी : महिला किसान नेता की हत्या, खेत में मिला खून से लथपथ शव, इलाके में हड़कंप
बाराबंकी, अमृत विचार। भाकियू अवध गुट महिला विंग की जिलाध्यक्ष का खून से लथपथ शव एक खेत में पड़ा मिला। शव के हालात से साफ है कि किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं रात से ही बंद मृतका के मोबाइल का विवरण खंगाला जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की है। सोमवार सुबह भारतीय किसान यूनियन (अवध गुट) महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सुनीता कश्यप का खून से लथपथ शव खजूर गांव के पास नहर के किनारे एक खेत में पड़ा मिला। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखा तो खबर तेजी से फैली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की ससुराल असंद्रा थाना क्षेत्र के ग्राम अशरफपुर में है जबकि वह मूल रूप से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बाबू का पुरवा की रहने वाली थी। घटनास्थल के अनुसार सुनीता के सिर पर किसी भारी चीट से वार के कई निशान मिले हैं। इससे ईंट से कई वार कर उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। बतौर किसान नेता मृतका सुनीता जिले में काफी सक्रिय थीं। तीन दिन पहले वह किसी काम से जहांगीराबाद थाना भी गईं थीं। हालांकि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस मृतका के मोबाइल नम्बर की सीडीआर खंगाल रही है। जांच में पता चला कि रविवार रात आठ बजे सुनीता का मोबाइल फोन बंद हो गया था। पिछले कई साल से सुनीता ससुराल में नहीं रहती थी। हालांकि उसका आना जाना था। पति अपने चारों बच्चों के साथ हरिद्वार ऋषिकेश में रह रहा है।
पति गंगाराम की सुनें तो करीब 10 दिनों से उसकी बात पत्नी से नहीं हुई थी। सीओ सिटी संगम कुमार ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। बता दें कि सुनीता ने वर्ष 2022 में नगर कोतवाली में कोर्ट के माध्यम से गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराया था। जबकि कुछ वर्ष पहले उसने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किये जाने का भी केस दर्ज कराया है।
