सीमा सुरक्षा देश के लिए महत्वपूर्ण मुद्दा... संसद में विपक्ष को भी सुना जाए : अखिलेश
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों ने समय-समय पर कई बार चीन सीमा के मुद्दे को सरकारों के सामने रखा है कि हमारे देश को पाकिस्तान से ज्यादा चीन से सावधान रहना पड़ेगा, क्योंकि हमारी सीमा पर चीन की गिद्घ जैसी नजर बनी रहती है।
सपा प्रमुख सोमवार को संसद भवन के बाहर मीडिया के सवालों को जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी से लेकर अभी तक देखा गया है, चीन ने हमारी काफी जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इसलिए यह महत्वपूर्ण मुद्दा है। नेता विरोधी दल लोकसभा जो मामला उठा रहे थे, वह राष्ट्रीय सुरक्षा का था। जब सदन में प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री और गृहमंत्री मौजूद थे, नेता विरोधी दल और विपक्ष जो बात उठा रहा था, उसे आने देना चाहिए था। सदस्यों की चिंता और बात आनी चाहिए, हम सभी लोग इसीलिए चुनकर आए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि एक तरफ चीन सीमा पर घुसपैठ करता है दूसरी तरफ चीन के साथ बड़े पैमाने पर व्यापार हो रहा है। सदन में अगर कोई बात रख रहा है तो उसे आना चाहिए।
इससे पहले उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का बजट पांच फीसदी लोगों और भाजपा के अदृश्य मित्रों के लिए था। किसानों के लिए बजट में कुछ नहीं था। गन्ने के किसान, आलू के किसान और धान के किसान के लिए बजट में कुछ नहीं है।
