T20 ICC Rankings में भारत का दबदबा बरकरार! अभिषेक शर्मा की डगमगाई कुर्सी, सूर्यकुमार और ईशान किशन की धमाकेदार उड़ान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबईः आईसीसी ने टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग का ताजा अपडेट जारी कर दिया है, और भारत के बल्लेबाज एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा नंबर 1 के स्थान पर बने हुए हैं, लेकिन उनकी रेटिंग में मामूली गिरावट आई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में कुछ कम स्कोर के कारण उनकी रेटिंग अब 917 रह गई है, जो पहले 929 थी। फिर भी, नंबर 2 पर इंग्लैंड के फिल साल्ट (834 रेटिंग) से उनका काफी फासला है, जिससे साफ है कि अभिषेक टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज के रूप में उतरेंगे।

तिलक वर्मा को मिला झटका  

भारतीय मिडिल ऑर्डर के सितारे तिलक वर्मा को इस अपडेट में नुकसान हुआ है। न्यूजीलैंड सीरीज के मैच न खेल पाने की वजह से वे तीसरे से चौथे नंबर पर खिसक गए हैं। फिल साल्ट ने एक पायदान की छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया है। श्रीलंका के पथुम निसंका भी एक स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें पर पहुंच गए हैं।

सूर्यकुमार यादव की शानदार वापसी  

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फिर से कमाल दिखाया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ धारदार पारियों की बदौलत वे एक पायदान ऊपर चढ़कर नंबर 6 पर पहुंच गए हैं, जहां उनकी रेटिंग 728 हो गई है। कुछ समय पहले टॉप 10 से बाहर होने के बाद अब वे टॉप 5 के बेहद करीब हैं। उनका फॉर्म वर्ल्ड कप से पहले टीम के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।

ईशान किशन का धमाकेदार जलवा  

सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहे हैं ईशान किशन! लंबे समय बाद टीम में वापसी करने वाले ईशान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 में शानदार शतक जड़कर सबको हैरान कर दिया। इस धमाकेदार पारी का असर रैंकिंग पर साफ दिख रहा है – उन्होंने एक झटके में 32 पायदान की छलांग लगाई और सीधे 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग अब 584 है। यह प्रदर्शन बताता है कि ईशान ने मिले मौके को कितनी बखूबी लपेट लिया है।

 

संबंधित समाचार