एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप: ईशा सिंह की धमाकेदार शुरुआत... जीते दो स्वर्ण पदक, सम्राट राणा ने कांस्य पर किया कब्जा
नई दिल्लीः नई दिल्ली में चल रही एशियाई राइफल/पिस्टल निशानेबाजी चैंपियनशिप 2026 का आगाज शानदार रहा है। भारतीय निशानेबाजों ने पहले दिन ही कमाल दिखाते हुए कई पदक अपने नाम किए। युवा सितारा ईशा सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतकर सबको प्रभावित किया और टीम इवेंट में भी भारत को गोल्ड दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, विश्व चैंपियन सम्राट राणा को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
ईशा सिंह का शानदार कमबैक
21 वर्षीय ईशा सिंह ने फाइनल में शुरूआत में पिछड़ने के बावजूद कमाल की वापसी की और 239.8 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने चीनी ताइपे की चेंग येन चिंग (235.4, रजत) और यू ऐ वेन (217.7, कांस्य) को पीछे छोड़ दिया। हमवतन सुरुचि सिंह भी फाइनल में पहुंचीं, लेकिन चौथे स्थान पर रहीं। ईशा ने संयमित प्रदर्शन करते हुए 10.4 और उससे ऊपर के स्कोर बनाकर जीत पक्की की। यह उनका सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में दूसरा व्यक्तिगत स्वर्ण है। पिछले साल उन्होंने जकार्ता में पहला महाद्वीपीय खिताब जीता था और चीन के निंगबो में आईएसएसएफ विश्व कप में भी गोल्ड जीता था।
टीम गोल्ड में ईशा की बड़ी भूमिका
महिलाओं की टीम स्पर्धा में ईशा सिंह, सुरुचि सिंह और मनु भाकर की जोड़ी ने कुल 1726 अंक बनाकर स्वर्ण पदक जीता। वियतनाम (1713, रजत) और चीनी ताइपे (1711, कांस्य) को काफी पीछे छोड़ दिया। क्वालीफाइंग में सुरुचि 576 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि मनु और ईशा दोनों ने 575 अंक बनाए। मनु भाकर फाइनल में सातवें स्थान पर रहीं।
सम्राट राणा को कांस्य से संतोष
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में विश्व चैंपियन सम्राट राणा ने क्वालीफाइंग में 581 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, लेकिन फाइनल में उनका प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा। 220.3 अंकों के साथ वे तीसरे स्थान पर रहे। उज्बेकिस्तान के व्लादिमीर स्वेचनिकोव (242.0) ने स्वर्ण और कजाकिस्तान के वैलेरी रखिमजान (241.0) ने रजत जीता। दूसरे भारतीय श्रवण कुमार चौथे स्थान पर रहे। टीम स्पर्धा में सम्राट (581), श्रवण (578) और वरुण तोमर (573) ने 1732 अंक बनाए, लेकिन 'इनर 10' के आधार पर उज्बेकिस्तान से स्वर्ण चूक गए और भारत को रजत पदक मिला। कजाकिस्तान तीसरे स्थान पर रहा।
जूनियर स्पर्धा में भी भारत का दबदबा
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल (जूनियर) में गेविन एंटनी ने 240.9 अंकों के साथ स्वर्ण जीता। टीम इवेंट में भी भारत ने 1735 अंकों के साथ गोल्ड अपने नाम किया।
भारत ने इस चैंपियनशिप में 118 निशानेबाजों का सबसे बड़ा दल उतारा है। घरेलू मैदान पर यह शानदार शुरुआत भारतीय निशानेबाजी के लिए उत्साहजनक है।
