UP News: सरकार का भरा खजाना, वित्तीय वर्ष में 18,515 करोड़ का मिला राजस्व
बीते साल की अपेक्षा इस साल जनवरी में 1,089 करोड़ की हुई बढ़ोतरी
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार के खजाने में राजस्व की जमकर धन की बरसात हुई है। जीएसटी व आबकारी समेत सभी राजस्व विभागों की कर वसूली खासी बेहतर रही। इसके चलते मौजूदा वित्तीय वर्ष 2025-26 के जनवरी माह में 18,515.52 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि बीते साल के वित्तीय वर्ष में इसी अवधि के दौरान 17,425.94 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार बीते साल की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के जनवरी में 1089.58 करोड़ रुपये राजस्व अधिक प्राप्त हुआ है। यह धनराशि वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह जनवरी तक के निर्धारित लक्ष्य का 74.1 प्रतिशत है।
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को बताया कि मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में अच्छा राजस्व प्राप्त किया गया। जीएसटी विभाग ने माह जनवरी, 2026 में 7,161.95 करोड़ रुपये का राजस्व वसूल किया, जबकि गत वर्ष जनवरी, 2025 के माह में वसूली 7,167.29 करोड़ रही थी। वैट के अन्तर्गत जनवरी में 2,816.47 करोड़ रुपये के राजस्व प्राप्ति हुई है, जबकि बीते साल इसी अवधि में 2,797.32 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। आबकारी विभाग ने इस साल जनवरी 4,122.19 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया, जबकि बीते साल इसी अवधि में 3,356.26 करोड़ वसूल किए गए थे। स्टाम्प तथा निबन्धन विभाग ने जनवरी 2026 में 2,748.74 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया, जबकि बीते साल यह प्राप्ति 2,511.11 करोड़ रुपये की रही थी। इसी तरह परिवहन विभाग ने इस जनवरी में 1,219.38 करोड़ राजस्व वसूल किया, जबकि बीते साल 1,110.83 करोड़ की रिकवरी रही थी। राजस्व की प्रमुख मद भू-तत्व तथा खनिकर्म विभाग ने जनवरी 2026 में 446.79 करोड़ प्राप्त किये, जबकि बीते साल इसी अवधि में 483.13 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया था।
लक्ष्य के मुकाबले 74.1 प्रतिशत प्राप्त हुआ राजस्व
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह जनवरी तक कर राजस्व के अंतर्गत कुल 1,78,556.43 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जोकि माह जनवरी 2026 तक निर्धारित लक्ष्य 2,40,980.67 करोड़ रुपये लक्ष्य के मुकाबले 74.1 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राज्यकर के अंतर्गत माह जनवरी तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य 1,45,427.47 करोड़ रुपये के मुकाबले 9,4039.39 करोड़ की प्राप्ति हुई, जो इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य का 64.7 प्रतिशत है। आबकारी मद के अंतर्गत इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य 48,900 करोड़ के के मुकाबले 43,949.17 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 89.9 प्रतिशत है। स्टाम्प तथा निबंधन के अंतर्गत जनवरी माह तक राजस्व प्राप्ति निर्धारित का लक्ष्य 31,725 करोड़ है, जबकि अब तक 27,137.81 करोड़ की प्राप्ति हो चुकी है। यह लक्ष्य का 85.5 प्रतिशत है। इसी तरह परिवहन मद में निर्धारित लक्ष्य 11,428.20 करोड़ रुपये का निर्धारित है। इसमें अब तक 10,063.39 करोड़ की प्राप्ति हो चुकी है, जोकि 88.1 प्रतिशत है।
