चर्चित अनुराग हत्याकांड : पांच साल बाद फैसला, चारों आरोपी बरी
वर्ष 2020 में गोली मारकर हुई थी अनुराग की हत्या
रामपुर, अमृत विचार। 20 मई 2020 को रामपुर में अनुराग शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में साक्ष्यों के अभाव में कोर्ट ने चारों आरोपियों को बरी कर दिया है।
पत्नी शालिनी शर्मा ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी थी कि उनके पति अनुराग शर्मा सीओडी फार्म आगापुर में 20 मई 2020 को शाम 8.30 बजे ज्वालानगर से अपने साथी सुनील यादव व छत्रपाल यादव के साथ घर की तरफ आ रहे थे। तभी पीछे से दो मोटरसाइकिल पर चार अज्ञात व्यक्ति आए, पीछे बैठे दोनों व्यक्तियों ने अनुराग शर्मा के दो गोली मारी और भाग गए। इस घटना को छत्रपाल गटव व सुनील यादव ने देखा और सामने आने पर हमलावरों को पहचानने की बात कही। बताया उनके पति शिवसेना के पूर्व में जिला संयोजक रहे है तथा हिंदूवादी नेता थे। जिसको लेकर पूर्व में कुछ लोग मेरे पति से रंजिश मानते थे। मामले में बाद में हिमांशु उर्फ बाबू, राजकिशोर, छत्रपाल यादव व पवन यादव को नामजद किया गया। अधिवक्ता विजय कुमार क्षत्रिय ने बताया कि मामले में कई गवाह पेश किए गए, लेकिन साक्ष्यों के अभाव में कोर्ट ने चारों को बरी कर दिया है।
