पीलीभीत: ट्रैफिक पुलिस के सिपाही पर इको चालक ने किया हमला, चालान से था गुस्साया, पुलिस कार्रवाई में जुटी
पीलीभीत, अमृत विचार। शहर के नौगवां चौराहा पर इको चालक ने चालान से गुस्साकर ट्रैफिक सिपाही पर हमला कर दिया। रॉड से वार कर सिपाही को घायल कर दिया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। घायल सिपाही का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
बता दें कि शहर के नौगवां चौराहा से अवैध तरीके से इको का संचालन लंबे समय से हो रहा है। रोडवेज के कर्मचारी भी इसके खिलाफ आंदोलन कर चुके है। कई बार रोडवेज स्टाफ और इको चालकों में मारपीट भी हो चुकी है। इन सब के बावजूद भी सख्ती नहीं हो सकी है। इन सब के बीच एक और वारदात हो गई। जिसमें विवाद पुलिस से हुआ। बताते है कि ट्रैफिक पुलिस के सिपाही उपेंद्र नौगवां चौराहा पर ड्यूटी पर थे। इस दौरान उन्होंने इको का चालान कर दिया। इसी बीच इको चालक सिपाही से भिड़ गया। इतना ही नहीं व्यस्ततम चौराहा पर सिपाही पर रॉड से हमला कर दिया। घटना के बाद भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी सूचना मिलने पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद टीएसआई राघवेंद्र सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी की। घायल सिपाही को जिला अस्पताल लेकर पुलिस रात दस बजे के बाद लेकर पहुंची और मेडिकल परीक्षण कराया। टीएसआई ने बताया कि नौगवां चौराहा पर एक इको का चालान किया गया। इसी दौरान इको चालक ने सिपाही पर हमला कर दिया। आरोपी पकड़ा गया है। मामले में कार्रवाई कराई जा रही है।
