बोर्ड परीक्षा : प्रश्न पत्रों की सीसीटीवी से 24 घंटे होगी निगरानी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तैनात किया जाएगा स्टेटिक मजिस्ट्रेट

बरेली, अमृत विचार। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर एसटीएफ की मदद ली जाएगी। प्रश्नपत्र स्ट्रांग रूम, डबल लॉक अलमारी में रखे जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों की जरिये 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इस संबंध में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

कड़ी सुरक्षा में केंद्रों पर परीक्षा होगी। निर्देशों में कहा गया है कि परीक्षाओं की शुचिता, गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आशंका जताई है कि परीक्षा के दौरान कुछ परीक्षार्थी और उनके समर्थक अनुचित साधनों का प्रयोग, केंद्रों पर हंगामा, धमकी या हिंसा जैसी घटनाएं कर सकते हैं। इसे देखते हुए पुलिस- प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने और परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर के भीतर फोटो कॉपी व स्कैनर संचालन पर रोक लगाने को कहा गया है। नकल, प्रश्नपत्र लीक में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक जनपद को जोन और सेक्टर में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी। प्रश्नपत्रों और उत्तरपुस्तिकाओं का परिवहन और भंडारण पुलिस अभिरक्षा में होगा।

परीक्षा केंद्रों और कंट्रोल रूम की लाइव मॉनिटरिंग होगी
परीक्षा केंद्रों और कंट्रोल रूम की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। वहीं सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और पाठ्य सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती अनिवार्य होगी। हर जनपद में कंट्रोल रूम स्थापित कर ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। नकल या अनियमितता की शिकायत टोल-फ्री नंबर 18001805310 और 18001805312 पर दर्ज कराई जा सकेगी।

संबंधित समाचार