Bareilly : दादा-दादी परिवार की अमूल्य धरोहर, अनुभव-संस्कार जीवन की नींव बनाते हैं मजबूत

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

केशलता इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना ग्रैंड पेरेंट्स डे

बरेली, अमृत विचार। बीसलपुर रोड स्थित केशलता इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को ग्रैंड पेरेंट्स डे धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर निदेशक डॉ. लता अग्रवाल ने कहा कि दादा-दादी परिवार की अमूल्य धरोहर होते हैं, जिनके अनुभव और संस्कार बच्चों के जीवन की मजबूत नींव बनाते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ किया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिनमें नृत्य, गीत, कविताएं और नाट्य मंचन शामिल थे। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी अभिभावकों को भावुक कर दिया। प्रधानाचार्य ममतेश माहेश्वरी ने कहा कि ग्रैंड पेरेंट्स डे बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ने और पारिवारिक मूल्यों को समझने का एक सुंदर माध्यम है।

उप-प्रधानाचार्य डॉ. निशा शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रशासनिक अधिकारी सुधांशु शर्मा ने कहा कि दादा-दादी बच्चों के पहले गुरु होते हैं, जिनसे उन्हें जीवन के मूल्य, अनुशासन और संस्कार सीखने को मिलते हैं। ऐसे आयोजनों से पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और मजबूत होता है। कार्यक्रम के अंत में दादा-दादी के लिए रोचक खेल और गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण प्रेम, सम्मान और अपनत्व से भरपूर रहा। ग्रैंड पेरेंट्स डे का आयोजन सभी के लिए यादगार रहा। विद्यालय परिवार ने पारिवारिक मूल्यों को सहेजने की एक सुंदर पहल के रूप में सराहा। संचालन कक्षा 9 की छात्रा मनरीत कौर और वेदिका चौधरी ने किया। आयोजन में शिवानी सिंह, रूचि शर्मा, आशा शर्मा, शबीना, छाया सिंह, वर्षा शर्मा, सुमित शर्मा आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।

संबंधित समाचार