मथुरा : इंस्टाग्राम रील में 'थाना खरीदने' का दावा पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र में सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों और थाने को 'खरीदने' संबंधी आपत्तिजनक रील पोस्ट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार गोवर्धन थाना क्षेत्र के देवसेरस गांव निवासी रॉबिन (20) ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वह हवलदार की 'कीमत' एक हजार रुपये, इंस्पेक्टर की 10 हजार रुपये और पूरे थाने की एक लाख रुपये बताकर बोली लगाने की बात कह रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर गोवर्धन पुलिस ने गाँठौली-देवसेरस बंबा पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गौरव शर्मा और टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 9/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून एवं वर्दी का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने के उद्देश्य से की जाने वाली आपत्तिजनक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार