Maharashtra Encounter: अबुझमाड़ के जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़, सी-60 कमांडो शहीद, तीन नक्सली ढेर
गढ़चिरौली। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित अबूझमाड़ के घने जंगलों में नक्सलियों के साथ हुई एक भीषण मुठभेड़ में गढ़चिरौली पुलिस का एक सी-60 कमांडो शहीद हो गया और तीन नक्सली मारे गए हैं।अधिकारियों ने शुक्रवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भामरागढ़ उपखंड के जंगलों में नक्सलियों की गतिविधियों की खुफिया सूचना मिलने के बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया था।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि छत्तीसगढ़ के कुछ नक्सली इस क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलने के बाद गुरुवार को 14 कमांडो टीमों ने बड़े पैमाने पर नक्सल विरोधी अभियान छेड़ा। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के दो शिविरों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने मौके से एक महिला नक्सली सहित कुल तीन नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।
इलाके की तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक एके-47 और एक एसएलआर राइफल भी जब्त की गई है। इस संघर्ष में अहेरी तालुका के रहने वाले 38 वर्षीय सी-60 जवान दीपक चिन्ना मडावी नक्सलियों की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए जंगल से एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस ऑपरेशन में एक अन्य सी-60 जवान जोगा मडावी भी घायल हुए और उन्हें बेहतर इलाज के लिए गढ़चिरौली भेजने की व्यवस्था की गई। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अभी भी अतिरिक्त नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका है, इसलिए जंगल में तलाशी अभियान निरंतर जारी है। मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया अभी चल रही है और नक्सल रोधी ऑपरेशन चल रहा है।
