क्रिकेटर रिंकू सिंह का Facebook अकाउंट हैक : मोनेटाइजेशन की पूरी कमाई उड़ा ले गए ठग, पुलिस ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलीगढ़। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह का 'फेसबुक' अकाउंट हैक हो गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसमें कोई वित्तीय धोखाधड़ी हुई है या नहीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज कुमार ने बताया कि रिंकू सिंह ने इस सप्ताह की शुरुआत में उन्हें फोन पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट के हैक होने की सूचना दी थी।

 एसएसपी ने बताया कि इसके बाद क्रिकेटर के भाई सोनू सिंह ने बुधवार को अलीगढ़ के साइबर प्रकोष्ठ में लिखित शिकायत दर्ज कराई और इस मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह अपने व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम के कारण पिछले कई महीनों से अपने 'फेसबुक अकाउंट' पर सक्रिय रूप से नजर नहीं रख रहे थे। 

मेल आईडी और बैंक डिटेल्स में बदलाव

जांच में सामने आया कि रिंकू की फेसबुक आईडी उनकी व्यक्तिगत मेल आईडी से जुड़ी थी, जिसे बदलकर हैकर्स ने नई कॉमर्शियल मेल आईडी से लिंक कर दिया। साथ ही मोनेटाइजेशन से जुड़ी बैंक डिटेल्स भी बदल दी गईं। अब हैकर्स खुद फोटो-वीडियो अपलोड कर विज्ञापन की पूरी कमाई अपने खातों में डाल रहे हैं।

क्या बोले एसपी...

एसएसपी कुमार ने कहा, ''यह स्पष्ट नहीं है कि 'फेसबुक अकाउंट' कब हैक हुआ। साइबर अपराध शाखा ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।'' पुलिस ने बताया कि 'हैकिंग' के स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि 'हैकिंग' से किसी तरह का वित्तीय नुकसान तो नहीं हुआ है अथवा खाते का दुरुपयोग तो नहीं हुआ है।  

 

संबंधित समाचार