Rampur : चाइनीज मांझे से मौत मानी जाएगी हत्या, रामपुर वाले बोले- सही निर्णय

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

लखनऊ में एक युवक की गर्दन कटने से मौत में मुख्यमंत्री ने हत्या का केस दर्ज करने के दिए हैं निर्देश

रामपुर, अमृत विचार। लखनऊ में एक युवक की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के बाद मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसी मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। जबकि चाइनीज मांझे को प्रदेश में पूरी तरह प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले का रामपुरवासियों ने स्वागत किया है।

चाइनीज मांझे की चपेट में आकर लोग मर रहे हैं। बहुत से लोग घायल हो जाते हैं, चाइनीज मांझे से गला कटने पर दो बच्चों की मौत हो चुकी है। लखनऊ में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिसका दुकानदारों समेत रामपुरवासियों ने स्वागत किया है। दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने तो चाइनीज मांझा ना बेचने का प्रण लिया है लेकिन ऑनलाइन चाइनीज मांझा गांव-गांव पहुंच रहा है।किला पूर्वी गेट स्थित मजार चुपशाह मियां के सामने स्थित पतंग कारोबारी राशिद मियां ने बताया कि जिले भर के दुकानदार चाइनीज मांझा नहीं बेच रहे हैं। चाइनीज मांझे के कारण कारोबार चौपट हो रहा है। सरकार को ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाना चाहिए। उन्होंने बताया कि 2016 में एक बच्चे अनस शमसी का गला कटने के कारण मौत हो गई थी। उसके बाद से दुकानदारों ने चाइनीज मांझे की बिक्री बंद कर दी थी। जिस कारण बरेली के मांझे की मांग घट गई है। चाइनीज मांझे में नायलॉन की डोर का इस्तेमाल होता है जो कि टूटती नहीं है और खिंचती जाती है। यह चाइनीज मांझे जैसी डोर जरी जरदोजी में भी इस्तेमाल होती है।

बिलासपुर गेट पर 3 वर्षीय आमना की हुई थी मौत
17 अगस्त 2021 को पिता के साथ बाइक पर जा रही तीन साल की बच्ची की गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। शहर के मोहल्ला तीतर वाली पाखड़ निवासी शाहबाज खां शाम सात बजे वह पत्नी व तीन साल की बेटी आमना को लेकर बाइक से नानकार गांव अपनी ससुराल जा रहे थे। बिलासपुर गेट के निकट पेट्रोल पंप के पास अचानक आमना के गले में पतंग का मांझा उलझ गया। इससे उसकी गर्दन में गहरा घाव हो गया। खून बहने लगा। उसे दो निजी अस्पतालों में गए, लेकिन बच्ची की हालत देख उसे कहीं उपचार नहीं मिला और चाइनीज मांझे ने बच्ची की जान ले ली थी।

चाइनीज मांझे से स्थानीय मांझे की बिक्री ठप हो गई है। गांव-गांव अमेजन के माध्यम से घरों पर चाइनीज मांझा पहुंच जाता है। सरकार ऑनलाइन के माध्यम से आने वाले मांझे पर तत्काल रोक लगानी चाहिए। - बाबू अली, दुकानदार खौद

दुकानदार चाइनीज मांझा पुलिस के खौफ के कारण नहीं बेच रहे हैं लेकिन पतंगबाज ऑनलाइन चाइनीज मांझा मंगा लेते हैं। पतंगबाजों के घर पर कोरियर के माध्यम से चाइनीज मांझा पहुंच जाता है। - आसिम खां, दुकानदार

चाइनीज मांझा सस्ता होता है और बहुत ज्यादा पतंगे काटता है। इस लालच में लोग उसी से पतंग उड़ाते हैं। सरकार को यदि चाइनीज मांझे पर रोक लगाना है तो ऑनलाइन आने वाले चाइनीज मांझे को बंद कराए। - अमीर मियां, पतंगबाज

चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाना ठीक है लेकिन, लोग दुकानों से नहीं बल्कि ऑनलाइन चाइनीज मांझा मंगाकर पतंगबाजी करते हैं। चाइनीज मांझा नायलोन से बनता है और टूटता नहीं नहीं है, इस पर सरकार रोक लगाए। - मुस्तफा, दौंकपुरी टांडा

चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है, दुकानदारों को इस मामले में लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसमें ऑनलाइन माध्यम से अगर इसकी बिक्री हो रही है तो उच्च अधिकारियों से वार्ता कर पर कार्रवाई कराएंगे। - विद्या सागर मिश्र, पुलिस अधीक्षक रामपुर

संबंधित समाचार