ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-5 पहले निवेश का माहौल बनाएगा इन्वेस्ट यूपी, रोड शो से निवेशकों को साधने की रणनीति

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी लखनऊ में इसी माह के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5 से पहले प्रदेश में निवेश का माहौल मजबूत करने के लिए इन्वेस्ट यूपी ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। राज्य में बड़े निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से देश के पांच प्रमुख महानगरों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में सैटेलाइट कार्यालय खोलने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इन कार्यालयों के उद्घाटन के साथ ही संबंधित महानगरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर की जा रही है। इन्वेस्ट यूपी ने सैटेलाइट कार्यालय खोलने के लिए पांचों महानगरों में उपयुक्त भवन चिह्नित कर लिए हैं और आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, अगले सप्ताह तक इन कार्यालयों में कार्मिकों की तैनाती की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी, ताकि जीबीसी-5 से पहले यह पूरी तरह क्रियाशील हो सकें।

इन्वेस्ट यूपी ने कार्यालयों के उद्घाटन को भी निवेश अभियान के रूप में मनाने की योजना बनाई है। उद्घाटन के अवसर पर आयोजित रोड शो में राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। इसके साथ ही गोल मेज सम्मेलन आयोजित कर बड़े निवेश प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी और समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जाएंगे। प्रत्येक सैटेलाइट कार्यालय को निवेश आकर्षित करने का स्पष्ट लक्ष्य भी दिया जाएगा।

सैटेलाइट कार्यालयों से एक लाख करोड़ निवेश का होगा एमओयू

इन्वेस्ट यूपी का लक्ष्य है कि जीबीसी-5 से पहले इन सैटेलाइट कार्यालयों के माध्यम से कम से कम एक लाख करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू किए जाएं। इन कार्यालयों के खुलने से दूसरे राज्यों के निवेशकों को उत्तर प्रदेश का बार-बार दौरा करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्हें अपने ही शहर में उत्तर प्रदेश की नीतियों, औद्योगिक अवसरों और भूमि बैंक की जानकारी मिलेगी, साथ ही आवेदन प्रक्रिया में भी स्थानीय स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

संबंधित समाचार