UP: फिल्म निर्माता कंपनी ने ममलूकुर्रहमान बर्क को भेजा नोटिस
संभल, अमृत विचार। 1978 के संभल दंगों पर आधारित फिल्म को लेकर विवाद अब कानूनी स्तर पर पहुंच गया है। फिल्म निर्माण कंपनी जानी फायरफॉक्स मीडिया प्राइवेट लिमिटेड ने सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क को लीगल नोटिस भेजा है। कंपनी का आरोप है कि फिल्म की शूटिंग को लेकर सार्वजनिक रूप से डराने-धमकाने वाले बयान दिए गए, जिससे फिल्म यूनिट में भय का माहौल बना।
नोटिस में कहा गया है कि 1978 के दंगे एक ऐतिहासिक और सार्वजनिक रिकॉर्ड का विषय हैं और उन पर फिल्म बनाना संविधान के अनुच्छेद 19(1)(क) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अंतर्गत आता है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी वैधानिक अनुमतियां लेकर ही फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। फायरफॉक्स मीडिया का कहना है कि शूटिंग रोकने की चेतावनियां आपराधिक धमकी की श्रेणी में आती हैं, जिससे मानसिक उत्पीड़न और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हुई है।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि सार्वजनिक रिकॉर्ड के अनुसार 1978 के दंगों में 184 हिंदुओं की मौत हुई थी। कंपनी ने मांग की है कि 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी मांगी जाए, बयान वापस लिए जाएं, भविष्य में किसी भी तरह की बाधा न डाली जाए और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष में 50 लाख रुपये जमा किए जाएं। समय सीमा में मांगें पूरी न होने पर दीवानी और आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
