Moradabad: महापौर से मिलेंगे व्यापारी, समाधान न निकला तो बाजार बंद की चेतावनी
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम द्वारा रविवार को दुकानों को सील किए जाने को लेकर जारी किए गए पत्र के बाद व्यापारियों में रोष व्याप्त है। इसी क्रम में शनिवार को दुर्गा मंदिर परिसर में व्यापारी सुरक्षा फोरम की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक में नगर निगम के इस कदम पर चर्चा की गई और इसे व्यापारियों के हितों के खिलाफ बताया गया।शनिवार को भी व्यापारियों ने नगर निगम के निर्णय का विरोध जताते हुए टाउन हॉल बाजार बंद किया।
बबैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यापारी सुरक्षा फोरम के अध्यक्ष विजय मदान ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर रविवार को महापौर विनोद अग्रवाल ने व्यापारियों को वार्ता के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि व्यापारी चाहते हैं कि बातचीत के जरिए कोई सकारात्मक समाधान निकले, जिससे दुकानों को सील करने जैसी कठोर कार्रवाई से बचा जा सके।
हालांकि, यदि बैठक में कोई समाधान नहीं निकलता है तो व्यापारियों को मजबूरन बाजार बंद करने का निर्णय लेना पड़ेगा। महामंत्री नितिन राज ने कहा कि व्यापारी वर्ग पर किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी हमेशा नगर निगम के साथ सहयोग के लिए तैयार हैं, लेकिन एकतरफा और दमनकारी कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के अंत में सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का संकल्प लिया।
