T20 World Cup 2026: पाकिस्तान का बड़ा यू-टर्न! भारत के खिलाफ मैच खेलने को तैयार, ICC की सख्ती और दोस्त देशों के दबाव ने बदला रुख

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने आखिरकार अपनी जिद छोड़ दी है। पहले भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले ग्रुप स्टेज मैच का बहिष्कार करने की धमकी दी थी, लेकिन सोमवार (9 फरवरी 2026) को पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर उल्टा फैसला लेते हुए अपनी टीम को निर्देश दिया कि वह निर्धारित मुकाबला खेलेगी। यह फैसला आईसीसी की सख्ती, बहुपक्षीय बातचीत और मित्र देशों (खासकर बांग्लादेश) के आग्रह के बाद आया है।

विवाद की जड़ बना मुस्तफिजुर रहमान और आईपीएल विवाद

सारी कहानी शुरू हुई आईपीएल 2026 की मिनी-नीलामी से। 16 दिसंबर 2025 को अबु धाबी में हुई नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जो उनके बेस प्राइस 2 करोड़ से कहीं ज्यादा था। लेकिन जनवरी 2026 की शुरुआत में BCCI ने KKR को निर्देश दिया कि मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज कर दें। BCCI ने इसका कारण "हाल के घटनाक्रम" बताया, जो बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हुई हिंसा से जुड़े थे।

इस फैसले से बांग्लादेश में भारी आक्रोश फैला। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा का हवाला देकर टी20 विश्व कप के अपने मैच भारत में न खेलने की मांग की। जब आईसीसी ने इस मांग को ठुकरा दिया और बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल किया, तो विवाद और भड़क गया।

पाकिस्तान का समर्थन और बहिष्कार की धमकी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश का साथ देते हुए आईसीसी को ईमेल भेजा और भारत में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पक्षपात का आरोप लगाया और संकेत दिया कि पाकिस्तान भी मैच बहिष्कार कर सकता है। 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की कि टीम विश्व कप में खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी का मैच नहीं।

आईसीसी की एंट्री और अंतिम दबाव

आईसीसी ने दोनों बोर्ड्स के साथ बैठकों की सिलसिला शुरू किया। लाहौर में BCB अध्यक्ष, PCB प्रमुख और आईसीसी उपाध्यक्ष के बीच मुलाकात हुई। बांग्लादेश ने पाकिस्तान से आग्रह किया कि मैच खेला जाए, ताकि क्रिकेट का पूरा इकोसिस्टम प्रभावित न हो। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि कोई बदलाव नहीं होगा और बांग्लादेश पर कोई दंड नहीं लगेगा, बल्कि उन्हें 2031 विश्व कप से पहले एक आईसीसी इवेंट की मेजबानी मिल सकती है।

दोस्त देशों (श्रीलंका समेत) के दबाव और बहुपक्षीय चर्चाओं के बाद पाकिस्तान सरकार ने यू-टर्न लिया। आधिकारिक बयान में कहा गया कि "क्रिकेट की भावना" और मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

संबंधित समाचार