शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में तेजी, डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे लुढ़का
मुंबईः घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का क्रम मंगलवार को भी जारी रहा और बीएसई का सेंसेक्स 250 अंक से ज्यादा चढ़ गया। सेंसेक्स 144.25 अंक की तेजी के साथ 84,210 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 263.72 अंक (0.31 प्रतिशत) ऊपर 84,329.47 अंक पर था। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 55.35 अंक की बढ़त के साथ 25,922.65 अंक पर खुला।
खबर लिखे जाते समय यह भी 83.60 अंक यानी 0.32 फीसदी की बढ़त के साथ 25,950.90 अंक पर रहा। ऑटो, मीडिया, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों के शेयरों में ज्यादा तेजी रही। सार्वजनिक बैंक अकेला ऐसा क्षेत्र रहा जिसमें फिलहाल गिरावट है। सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, इटरनल, टीसीएस और टाटा स्टील के शेयर ऊपर चल रहे थे जबकि एचडीएफसी बैंक बजाज फाइनेंस भारतीय स्टेट बैंक और एशियन पेंट्स में गिरावट थी।
डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे लुढ़का
रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 11 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.77 पर पहुंच गया। भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति के बाद से मुद्रा बाजार में उत्साह की बजाय सतर्कता का माहौल बना हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.63 पर खुला। फिर और टूटकर 90.77 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया सोमवार को उतार-चढ़ाव भरा कारोबार करते हुए अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.79 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 149 अंक चढ़कर 84,214.75 अंक पर जबकि निफ्टी 44.45 अंक की बढ़त के साथ 25,911.75 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.85 डॉलर प्रति बैरल रहा।
विदेशी निवेशकों के प्रदर्शन में हालांकि कुछ सुधार देखने को मिला है। इस महीने अब तक भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों का निवेश करीब दो अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
