हापुड़ में पूर्व मंत्री मदन चौहान पर जानलेवा हमला... बाल-बाल बची जान, हमलावर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हापुड़ः उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मदन चौहान हापुड़ जिले में उस समय बाल-बाल बच गए जब कार में सवार युवकों ने उन पर कथित तौर पर गोली चलाने की कोशिश की लेकिन उनकी पिस्तौल नहीं चली। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुलिस ने बताया कि हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेशर थाना क्षेत्र में चौहान पर कथित रूप से गोली चलाने का प्रयास करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसने बताया कि चौहान के अनुसार, वह सोमवार को अपनी कार से हिरणपुरा गांव में एक परिचित के यहां सगाई समारोह में जा रहे थे। 
पुलिस ने चौहान के हवाले से बताया कि वह जैसे ही गांव में प्रवेश करने लगे, रास्ते में हथियार लिए खड़े कुछ कार सवार युवकों में से एक ने पिस्तौल निकालकर उन पर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चल पाई। उसने बताया कि जब उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, तो हमलावर मौके से फरार हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विनीत भटनागर ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार