महाकुंभ की 'वायरल गर्ल' मोनालिसा प्रयागराज में करेंगी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' का ट्रेलर लॉन्च

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के 2025 महाकुंभ में चर्चित हुईं 'वायरल गर्ल' मोनालिसा आज प्रयागराज माघ मेले में अपनी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' का ट्रेलर लॉन्च करेंगी। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि ट्रेलर लॉन्चिंग उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

उन्होंने गंगा मैया और लोगों के आशीर्वाद का आभार जताते हुए सभी से प्यार और समर्थन बनाए रखने की अपील की। श्री देवरहा बाबा मंच न्यास के शिविर में होने वाले ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा, अमित राव, अभिषेक त्रिपाठी और दिनेश त्रिवेदी मौजूद रहेंगे।

 निर्देशक सनोज मिश्रा ने बताया कि वह पहले से इस फिल्म पर काम कर रहे थे। महाकुंभ के दौरान उन्हें मोनालिसा के संघर्ष के बारे में पता चला, जिसके बाद उन्होंने उन्हें फिल्म में अभिनय का प्रस्ताव दिया। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली मोनालिसा महाकुंभ में अपने परिवार के साथ माला बेचने आई थीं।

अपनी आंखों और सादगी के कारण वह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि उनकी तस्वीरों वाली टी-शर्ट तक बिकने लगीं। हालांकि, अत्यधिक भीड़ और लगातार घिरे रहने से वह परेशान हो गईं और काम भी नहीं कर पा रही थीं, जिसके चलते उन्हें महाकुंभ छोड़कर घर लौटना पड़ा। अब वह फिल्मी दुनिया में कदम रख रही हैं। 

संबंधित समाचार