ग्रीन कॉरिडोर पर पक्का पुल-डालीगंज आरओबी को मिली NOC, एलडीए उपाध्यक्ष ने 15 जून तक निर्माण पूरा कर करने के दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : ग्रीन काॅरिडोर परियोजना में पक्का पुल से डालीगंज के बीच 1.5 किलोमीटर लंबे आरओबी को रेलवे से एनओसी मिल मिल गई है। इसके साथ ही आरओबी निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। ये जानकारी मंगलवार को ग्रीन काॅरिडोर के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को दी। उपाध्यक्ष ने 15 जून तक आरओबी का निर्माण पूर्ण करके काॅरिडोर की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आरओबी निर्माण के बाद कॉरिडोर से खदरा, सीतापुर रोड, चौक, हुसैनाबाद, बसंतकुंज के लिए सीधा आवागमन शुरू हो जाएगा। उपाध्यक्ष ने पिपराघाट से शहीद पथ के बीच ग्रीन काॅरिडोर के कार्यों का भी निरीक्षण किया। यहां 4-लेन सड़क का कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) उपाध्यक्ष ने निरीक्षण करके 4-लेन सड़क का कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिये। बताया कि ग्रीन काॅरिडोर के तृतीय चरण के अंतर्गत पिपराघाट से शहीद पथ के मध्य बंधा एवं सड़क निर्माण, फ्लाईओवर व ब्रिज का कार्य कराया जा रहा है। इस रूट को और अधिक प्रभावी व लोगों के लिए उपयोगी बनाने के उद्देश्य से ग्रीन काॅरिडोर को सुलतानपुर रोड से सीधे कनेक्ट करेंगे। इसके लिए आर्मी लैंड पर निर्माणाधीन ग्रीन काॅरिडोर से सुलतानपुर रोड स्थित मरी माता मंदिर तक 4-लेन सड़क बनेगी। लगभग 1800 मीटर लंबी सड़क 33 करोड़ रुपये से बनेगी। इससे गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना आसान होगा और लगभग 10 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। उपाध्यक्ष ने बताया कि 4-लेन सड़क के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था का चयन कर लिया गया है। जल्द कार्य शुरू हो जाएगा। काॅरिडोर से सुलतानपुर रोड के मध्य यह नया रूट बनने से पुलिस मुख्यालय, ओमैक्स, इमार टाउनशिप समेत गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना आसान होगा और बड़ी संख्या में लोग लाभन्वित होंगे।

संबंधित समाचार