Bareilly: बैंकिंग काम में किया पब्लिक वाई-फाई का इस्तेमाल तो उठाना पड़ सकता है नुकसान
बरेली, अमृत विचार। सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग को लेकर अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे की अध्यक्षता में रविवार को जागरूकता कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में किया गया। इसमें साफ तौर पर बताया गया कि साइबर ठगी से बचने के लिए सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग बैंकिंग कार्य में न करें। साइबर ठगी से बचने की जानकारी देने के साथ ही लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यशाला में जानकारी दी गई कि सुरक्षित इंटरनेट दिवस हर वर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को दुनियाभर में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यशाला में पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन व विभिन्न वीडियो के माध्यम से जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मोहम्मद सिबतेन और अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कृष्ण मुरारी ने साइबर जगत में होने वाले फ्रॉड व अन्य खतरों की जानकारी देने के साथ-साथ उनसे बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
ऑनलाइन सुरक्षा कवच के अंतर्गत बताया गया कि कभी भी कॉल्स पर अपनी संवेदनशील जानकारी जैसे ओटीपी, आधार, पैन या बैंक विवरण साझा न करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा न करें और अपनी डिजिटल पहचान को सुरक्षित रखें। कभी भी अज्ञात नंबरों से आने वाले लिंक पर क्लिक न करें। उच्च लाभ के प्रति प्रेरित करने वाले ऑनलाइन निवेश ऑफरों से बचें व कोई सरकारी एजेंसी, पुलिस, सीबीआई, ईडी आदि वीडियो या वॉयस कॉल्स के माध्यम से आपकी जांच या गिरफ्तारी नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि सॉफ्टवेयर और ऐप को नियमित रूप से अपडेट करें, सार्वजनिक वाईफाई से ऑनलाइन बैंकिंग का कार्य न करें, मजबूत पासवर्ड सेट करें। अनावश्यक धनराशि या सुविधाएं देने वाले प्रलोभनों में न आएं। साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपराध की तत्काल जानकारी दें। कार्यशाला में नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया, साइबर क्राइम के इंस्पेक्टर नीरज सिंह उपस्थित रहे।
