Bareilly: फर्जीवाड़ा...भाई की मौत के बाद अपने नाम ट्रांसफर कराई गाड़ी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। संभागीय परिवहन कार्यालय के कर्मचारियों का फर्जीवाड़ा सामने आया है। मालिक की मौत के एक साल बाद उसकी कार छोटे भाई के नाम पर ट्रांसफर कर दी गई। कार मालिक की पत्नी को जब जानकारी हुई तो वह हैरान रह गईं। इसके बाद पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब एडीजी के आदेश पर आरोपी मृतक के छोटे भाई और संभागीय परिवहन कार्यालय के कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

बारादरी थाना क्षेत्र के आनंदा पार्क सुपर सिटी निवासी नंदिनी वर्मा ने बताया कि पति अजय वर्मा की मौत 14 जुलाई 2019 को हो गई थी। उनके पति की ट्रैवल एजेंसी थी। इसमें वह गाड़ियां किराये पर चलवाते थे। पति की मौत के बाद वारिसान प्रमाण पत्र देर से मिलने की वजह से सभी गाड़ियां पति के नाम पर ही चल रही थीं। वह पोर्टल पर समय-समय पर गाड़ियों की डिटेल चेक करती रहती थीं। 

उसके पति के नाम पर दर्ज एक कार को परिवहन विभाग के पोर्टल पर चेक किया तो देखा कि पति के नाम की जगह पर कार विशाल वर्मा के नाम पर दर्ज थी। इसे देखकर वह हैरान रह गई। इसके बाद उसने संभागीय परिवहन अधिकारी से जनसूचना मांगी। इसका जवाब 10 अक्टूबर 2025 को मिला। जवाब में पता लगा कि उसके पति द्वारा 2 सितंबर 2020 को कार उसके देवर विशाल शर्मा के नाम पर ट्रांसफर कर दी थी। जबकि उसके पति की मौत गाड़ी ट्रांसफर करने की तारीख से पहले ही हो चुकी थी।

महिला ने बताया कि उसके पति हमेशा अंग्रेजी में हस्ताक्षर करते थे, जबकि ट्रांसफर कागज में हिंदी में हस्ताक्षर किए हुए हैं। वहीं किसी भी वाहन के ट्रांसफर के समय वाहन मालिक को होना जरूरी होता है, लेकिन उसके पति की मौत एक साल पहले हो चुकी है। ऐसे में उसके देवर विशाल ने कार्यालय के कर्मचारियों की मिलीभगत से कूटरचित दस्तावेज तैयार करके कार ट्रांसफर कराई गई है। 

महिला ने कैंट थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उसके बाद पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर जगह पर सिर्फ आश्वासन मिला। महिला का आरोप है कि उसका देवर फैसला करने का दबाव बना रहा है। आरोपी बच्चों का अपहरण करने की बात कह रहा है। एडीजी के आदेश पर कैंट पुलिस ने देवर विशाल और संभागीय परिवहन विभाग के अज्ञात कर्मचारियों पर रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार