Moradabad: पुलिस महकमे की सभी शाखाओं की अब डीजी हेडक्वार्टर से होगी निगरानी
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस महकमे के सभी शाखाओं की अब डीजी हेडक्वार्टर से निगरानी की जाएगी। रिकॉर्ड मेंटीनेंस से लेकर थाने कोतवाली के मालखाने की सूची हो या अपराधियों का विवरण और बीट के सिपाहियों से लेकर हल्का प्रभारी के कार्य की ऑनलाइन फीडिंग कराई जा रही है। आगामी त्योहारों शिवतेरस, होली आदि को लेकर पुलिस प्रशासन को पूरी तरह सतर्कता और संयम बरतने का निर्देश दिया गया है।
यह बातें डीआईजी मुनिराज जी ने मंगलवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में की। उन्होंने जिले के सभी थाना-कोतवाली प्रभारियों को सतर्कता, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए। बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस की बेहतर कार्यप्रणाली बनाने की दिशा में थाना, कोतवाली व अन्य सभी शाखाओं व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया गया है।
डीआईजी मुनिराज जी ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि मंदिरों और मस्जिदों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर उनकी सतत निगरानी की जाएगी। उन्होंने किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने का निर्देश पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को दिया। कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कहा कि अब पुलिस महकमे की सभी शाखाओं की निगरानी डीजी हेडक्वार्टर से की जाएगी। रिकॉर्ड मेंटेनेंस, थानों के मालखाने की सूची, अपराधियों का विवरण, बीट सिपाहियों से लेकर हल्का प्रभारियों तक के कार्यों को ऑनलाइन फीड किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान साइबर सेल, साइबर क्राइम शाखा, अन्य अपराध शाखाओं, राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, बाबू स्टाफ तथा थानों के मालखानों और अभिलेखों की भी जांच की गई।
इस दौरान सिविल लाइन कोतवाली में लंबे समय से जब्त वाहनों के निस्तारण न होने का मामला सामने आया, जिस पर डीआईजी ने शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। डीआईजी ने यह भी बताया कि मंगलवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण किया गया, जवानों से परेड कराई गई। पुलिस लाइन की बैरक, मेस और आवासों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इससे पहले उन्होंने जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल भी मौजूद रहे।
