बॉबी हत्याकांड के 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ, पांच टीमें कर रहीं जांच, कई संदिग्ध हिरासत में

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जेलर हत्याकांड के आरोपी व मुख्तार अंसारी गैंग के सदस्य रहे शोएब किदवई उर्फ बॉबी की नृशंस हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ है। हालांकि घटना की जांच के लिए एसटीएफ व स्वाट समेत पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं और बाराबंकी व लखनऊ मिलाकर कई संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है। उधर मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था व बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में बॉबी का शव उनके पैतृक गांव गदिया में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।

बताते चलें कि शुक्रवार दोपहर अयोध्या लखनऊ हाईवे पर बाराबंकी सीमा में असैनी मोड़ पर लखनऊ से बाराबंकी कार से अकेले आ रहे पूर्व प्रमुख शोएब किदवई उर्फ बॉबी की गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी गई थी। घटना की खबर फैलते ही एसपी व कोतवाली समेत कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की उधर एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार ने भी मौके पर आ कर जांच पड़ताल की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, वहीं डाक्टरों के पैनल के पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

cats

इस बीच वकील भी रहे बॉबी की हत्या से अधिवक्ता समुदाय में भी आक्रोश देखा जा रहा है।इस घटना को लेकर एसपी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर स्वाट के अलावा चार अन्य पुलिस टीमों को जांच के लिए जुटा दिया गया। एसटीएफ भी हत्यारों की तलाश में जुटी है। हत्याकांड को 24 घंटे से ऊपर हो गए लेकिन पुलिस अभी कोई दिशा तय नहीं कर सकी है। बाराबंकी व लखन्ऊ मिलाकर कई संदिग्धों काे पूछताछ के लिए उठाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की जांच जारी है। टीमें कई पहलू पर काम कर रही हैं। परिजनों से भी बातचीत की जाएगी। 

बड़ा सवाल? ताबड़तोड़ फायरिंग एक चश्मदीद नहीं

कार सवार शोएब किदवई बॉबी की नृशंस हत्या का सीन कम चौंकाने वाला नहीं। पुलिस की ही मानें तो ताबड़तोड़ फायरिंग हुई यानी गोलियों की तड़तड़ाहट दूर तक सुनने वाली रही पर मौके का न कोई गवाह और न ही कोई चश्मदीद, वह भी हाRवे की उस जगह पर जो रात में भी व्यस्त रहती है। करीब पंद्रह राउंड गोलियां बरसाई गईं, जिसके अनुसार करीब 15 मिनट का समय हमलावरों ने लिया लेकिन इस दौरान क्या चंद लोग भी उधर से नहीं गुजरे होंगे, यह सवाल हैरान कर देने वाला है। फायरिंग जिस तरह हुई बेशक हत्यारे पेशेवर रहे लेकिन उनकी यह करतूत न कैमरे में कैद हुई न किसी ने देखा। यह चौंकाने वाली बात जरूर है। 

3

नम आंखों के बीच बॉबी सुपुर्द ए खाक

शव मिलने के बाद अंतिम संस्कार के लिए मृतक बॉबी के परिजन जुट गए, वहीं लंदन में रह रहे छोटे भाई साेहेल के आने का भी इंतजार किया गया। शनिवार की शाम करीब चार बजे बॉबी का मृत शरीर उनके पैतृक गांव शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गदिया ले जाया गया। जहां पुलिस बल की मौजूदगी व परिजनों की हाजिरी के बीच शव सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान मृतक के परिजनों के अलावा उनके परिचित, शुभचिंतक आदि मौजूद रहे। वहां मौजूद परिजनों की आंखें लगातार नम रहीं।

मृत शरीर से निकली दस गोलियां

किसी ने तीन तो किसी ने चार से पांच बताया लेकिन सूत्रों के हवाले से पता चला कि पोस्टमार्टम के दौरान शोएब किदवई बॉबी के मृत शरीर पर दस घाव मिले और अंदर फंसी बुलेट निकाली गईं। इससे साफ है कि हमलावर पेशेवर तो थे ही, उन्हें किसी भी हाल में हत्या करना ही था।

पुलिस की जांच शनिवार को जारी रही। इस बीच हाईवे पर तमाम सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कैमरे में हत्यारे बाइक से अयोध्या रोड की ओर जाते दिखे भी हैं। पुलिस की जांच में बॉबी का प्रापर्टी डीलिंग कारोबार भी शामिल है। वहीं पत्नी शाजिया खान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार