पहले की अनदेखी, अब अंतिम नोटिस जारी करने की तैयारी... केजीएमयू परिसर की मजारों पर प्रशासन सख्त

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : केजीएमयू परिसर की मजारे हटाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। एक नोटिस जारी होने के बाद भी मजारें नहीं हटाई गईं। अब प्रशासन दूसरा और अंतिम नोटिस जारी करने की तैयारी में है। इसके बाद वैधानिक व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

केजीएमयू में क्वीन मेरी अस्पताल के मुख्य गेट, रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग, माइक्रोबायोलॉजी विभाग, ट्रॉमा सेंटर परिसर, आर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी भवन तथा टीजी हॉस्टल परिसर के पास मजारें बनी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 23 जनवरी को पांच मजारों को हटाने के लिए नोटिस चस्पा कराए थे। नोटिस की मियाद पूरी होने के बावजूद मजारों की देखभाल करने वालों की ओर से कोई पहल नहीं की गई। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि अब तक तीन अवैध स्थलों को खाली कराया जा चुका है। इनमें नेत्र विभाग के पीछे 20 हजार स्क्वायर फिट, जगतनारायण रोड पर 70 हजार स्क्वायर फिट और शताब्दी-2 भवन के पीछे 60 हजार स्क्वायर फिट जमीन शामिल है। अब बचे हुए छह स्थलों को भी जल्द खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार