मार्ग प्रकाश विभाग के सैकड़ों कर्मचारियों का नहीं बना ESI कार्ड, जान हथेली पर रखकर कर रहे काम... 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

दुर्घटना बीमा और चिकित्सा सुविधा तक नहीं मिली

लक्ष्मी सिक्योरिटी कंपनी की बड़ी लापरवाही, दो महीने पहले भराए थे फार्म

लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग के सैकड़ों कर्मचारियों का 7 महीने बाद भी ईएसआई कार्ड नहीं बना है। जुलाई 2025 से सैकड़ों कर्मचारी जान हथेली पर रखकर स्ट्रीट लाइट लगाने और रिपेयर करने का काम कर रहे हैं। इसमें कार्यदायी संस्था लक्ष्मी सिक्योरिटी की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। कार्यदायी संस्था ने आउटसोर्सिंग पर लगे करीब 350 कर्मचारियों का दो महीने पहले फार्म तो भरा लिया लेकिन कार्ड अभी तक नहीं बनाया है। जिससे कर्मचारियों को दुर्घटना बीमा और चिकित्सा सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। मार्ग प्रकाश के कर्मचारियों के अनुसार फर्म ने केवल केंद्रीय कार्यशाला के कर्मचारियों को ही ईएसआई कार्ड जारी किया है। जबकि मार्ग प्रकाश विभाग के कर्मचारी जोखिम के बीच चालू लाइन के बीच स्ट्रीट लाइन लगाने और सही करते हैं।

दो महीने का वेतन मिलने का इंतजार

मार्ग प्रकाश विभाग के सैकड़ों कर्मचारी दो महीने का बकाया वेतन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। करीब 350 कर्मचारियों को वर्ष 2022 में दो माह का कार्यदायी संस्था द्वारा वेतन नहीं दिया गया। इसके लिए कर्मचारी मुख्य अभियंता आरआर से लेकर नगर आयुक्त से कई बार गुहार लगा चुके हैं। लखनऊ नगर निगम श्रमिक संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ओर महामंत्री विनोद कुमार द्विवेदी का कहना है कि लगातार अधिकारियों से मिलकर दो माह का वेतन दिलाने का अनुरोध किया जा रहा है। लेकिन लगातार आश्वासन ही मिल रहा है। उन्होंने मार्ग विभाग के कर्मचारियों का जल्द से जल्द ईएसआई कार्ड बनवाने की मांग की है।

संबंधित समाचार