UP: दर्दनाक हादसा...टेंपो बेकाबू होकर पलटा, तीन मासूम बच्चों समेत चार की मौत
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र में शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बसंतापुर पुलिया के पास एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपों सवार नौ लोगों में से तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा शनिवार रात करीब 12:45 बजे हुआ। धौरहरा से घरेलू धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लोग टेम्पो से अपने गांव ऊंचगांव थाना खमरिया वापस लौट रहे थे। इसी दौरान घने कोहरे के चलते बसंतापुर पुलिया के पास टेम्पो पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा भेजा।
सीएचसी में चिकित्सकों ने खुशबू (12), अबूतालिब (5) और अजरा (2) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में किस्मतुन (45), साकिया (20), सादिया (22), निदा (10), अकील (18) निवासी ऊंचगांव थाना खमरिया तथा इसराइल उर्फ जीसान (30) निवासी ग्राम रसूलपुर थाना खमरिया शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान टेंपों चालक की भी मौत हो गई। चार मौतों से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
