लखीमपुर खीरी: मकान चोरों ने लगाई सेंध...1 लाख नकद व 50 लाख के आभूषण लेकर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेहजम , अमृत विचार। नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के  लखीमपुर खीरी का चार्ज संभालते ही अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। थाना नीमगांव के दौदापुर बिल्लाई निवासी एक डॉक्टर के घर घुसे चोर एक लाख रुपये की नगदी और करीब 50 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। 

गांव दौदापुर बिल्लाई निवासी डॉ. श्याम सिंह के घर शनिवार की रात चोर घुस गए। अलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर उनमें रखे एक लाख रुपये नगद और करीब 50 लाख रुपये की कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले परिवार के सदस्यों को घर के बाहर से बंद कर दिया। बताया गया कि परिवार के कुछ सदस्य पास के दूसरे मकान में सो रहे थे, जबकि बाकी सदस्य घर के अंदर थे।

सुबह आंख खुलने पर जब परिवार वालों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो बाहर से कुंडी लगी देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही घर में हड़कंप मच गया। परिवार के सदस्य अभिजीत प्रताप सिंह ने बताया कि अलमारी और अन्य स्थानों में रखे करीब एक लाख रुपये नकद और लगभग पचास लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए हैं।

 सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि, इतनी बड़ी चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। थानाध्यक्ष प्रवीर कुमार ने बताया कि जांच कर घटना में शामिल बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

संबंधित समाचार