T20 World Cup 2026 : इशान किशान का अर्धशतक, भारत के दो विकेट पर 92 रन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कोलंबो। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के अर्धशतक से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में रविवार को यहां पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में दो विकेट पर 92 रन बनाए। ईशान ने 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (नाबाद 12) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी भी की। 

इस साझेदारी में तिलक का योगदान सिर्फ 11 रन का रहा। इशान को सईम अयूब ने बोल्ड किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव तीन रन बनाकर तिलक का साथ निभा रहे हैं। इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने अभिषेक शर्मा को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। 

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करने के बाद स्पिनरों को तरजीह दी और शुरुआती 10 ओवर में से नौ ओवर स्पिनरों से कराए। भारतीय बल्लेबाजों को हालांकि फिरकी गेंदबाजी के सामने अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और ईशान ने आउट होने से पहले कई बड़े शॉट खेले। 

भारत ने दो बदलाव करते हुए अभिषेक शर्मा और कुलदीप यादव को एकादश में जगह दी है। अभिषेक पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेल पाए थे। संजू सैमसन और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को एकादश से बाहर किया गया है।

पाकिस्तान ने अपनी एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर टॉस के दौरान सलमान के साथ हाथ नहीं मिलाया और पिछले साल दुबई में एशिया कप के बाद से चली आ रही नीति को कायम रखा।

मैच खत्म होने के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों और सहायक स्टाफ के बीच हाथ नहीं मिलाने की संभावना है। सूर्यकुमार ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए पाकिस्तान के खिलाफ हाथ नहीं मिलाने की नीति अपनाई थी।

टीमें :

भारत: 1 इशान किशन (विकेटकीपर), 2 अभिषेक शर्मा, 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 शिवम दुबे, 6 रिंकू सिंह, 7 हार्दिक पंड्या, 8 अक्षर पटेल, 9 कुलदीप यादव, 10 वरुण चक्रवर्ती, 11 जसप्रीत बुमराह

पाकिस्तान: 1 सईम अयूब, 2 साहिबज़ादा फ़रहान, 3 सलमान अली आग़ा (कप्तान), 4 बाबर आजम, 5 मोहम्मद नवाज, 6 शादाब ख़ान, 7 फ़हीम अशरफ, 8 उस्मान ख़ान, 9 शाहीन अफरीदी, 10 अबरार अहमद, 11 उस्मान तारीक़

संबंधित समाचार