T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे की जीत से शुरुआत, ओमान को 8 विकेट से पीटा
कोलंबो। ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड अंगारावा और ब्रैड एवंस (तीन-तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद ब्रायन बेनेट (नाबाद 48) और ब्रेंडन टेलर ( रिटायर हर्ट 31) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत जिम्बाब्वे ने सोमवार को टी-20 विश्वकप के आठवें मुकाबले में ओमान को 39 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया।
104 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे को चौथे ओवर में सुफियान महमूद ने तड़िवनाशे मारुमानी (21) और डिओन मेयर्स (शून्य) को आउट कर दो झटके दिये। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये ब्रेंडन टेलर ने ब्रायन बेनेट के साथ पारी को संभाला और रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी हुई।
ब्रेंडन टेलर 31 के स्कोर पर रिटायर हर्ट हुए। जिम्बाब्वे ने 13.3 ओवर में दो विकेट पर 106 रन बना कर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया। ब्रायन बेनेट ने 36 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाये। कप्तान सिकंदर रजा पांच रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे ने इस तरह अपनी पहली जीत दर्ज की। ओमान के लिए सुफियान महमूद ने दो विकेट लिये। इससे पहले आज यहां जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की शुरुआत खराब रही और उसने अपने शीर्ष पांच बल्लेबाज 27 के स्कोर तक गंवा दिये। इसके बाद सुफियान महमूद और विनायक शुक्ला की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी हुई। 15वें ओवर में रिचर्ड अंगारावा ने विनायक शुक्ला 21 गेंदों में (28) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसी ओवर में अंगारावा ने जितेन रामानंदी (एक) को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। 17वें ओवर में ब्रैड एवंस ने सुफियान महमूद (25) को अपना शिकार बना लिया। नदीम खान ने 18 गेंदों में 20 रन बनाये। जिम्बाब्वे के गेंदबाजी आक्रमण के आगे ओमान की पूरी टीम 19.5 ओवर में 103 रन पर सिमट गई। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड अंगारावा और ब्रैड एवंस ने तीन-तीन विकेट लिये। सिकंदर रजा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
