कोडिन रैकेट में अमित यादव की गिरफ्तारी से गरमाएगा सदन : मुख्यमंत्री योगी दे चुके हैं चेतावनी
लखनऊ, अमृत विचार: करोड़ों रुपये के नशीले कफ सिरप फेंसेडिल के अवैध व्यापार और तस्करी के मुख्य आरोपियों में शामिल पूर्व सपा नेता अमित यादव की गिरफ्तारी से सोमवार को विधानसभा के बजट सत्र में भाजपा को पलटवार करने का मौका मिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले शीतकालीन सत्र में हंगामा कर रहे सपा विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा था कि इस रैकेट में जब सपा के लोग पकड़े जाएंगे और बुल्डोजर चलेगा तो हायतौबा मत करना।
कोडीन कफ सिरप में वाराणसी एसटीएफ ने शनिवार को जिसकी गिरफ्तारी की है, वह अमित कुमार यादव समाजवादी पार्टी युवजन सभा का पूर्व प्रदेश सचिव और हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुका है। वाराणसी निवासी अमित की गिरफ्तारी वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड काशीधाम के पास से हुई है। एसटीएफ के अनुसार, मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल का करीबी रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने करोड़ों रुपये की लगभग 1 लाख बोतल फेन्सेडिल कफ सिरप को फर्जी कागजातों के जरिए नशा करने वालों और तस्करों को ऊंचे दामों पर बेचा था। नशीली दवाओं को उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक तस्करी करने वाले गिरोह का बड़ा आरोपी अमित यादव के पास से 1 आईफोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और नगदी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही वाराणसी और लखनऊ में हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड आलोक सिंह (आलोक सिपाही) बताया जा रहा है, जिसे बर्खास्त किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि शुभम जायसवाल, अमित यादव और मिलिंद यादव व्यापारिक साझेदार हैं और फर्जी फर्मों के जरिए नशे का कारोबार करते थे।
दिलचस्प यह है कि बजट सत्र के पहले दिन ही सपा विधायकों ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सदन के भीतर और बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए इसी रैकेट को लेकर आरोप लगाए थे। वे मास्टरमाइंड आलोक सिंह और उसे संरक्षण देने वालों को बचाने का आरोप लगाते रहे। अब अमित यादव की गिरफ्तारी के बाद भाजपा और सहयोगी दलों के मंत्री-विधायक पलटवार करने से पीछे हटने वाले नहीं हैं। ऐसे में बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रुख क्या रहता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
