नगर निगम ऋषिकेश की अनूठी पहल: 'रिपेयर मेला' से कचरा घटेगा, स्वच्छ वायु को मिलेगा बल
ऋषिकेश। उत्तराखंड में नगर निगम ऋषिकेश द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शीघ्र ही "रिपेयर मेला" आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम कार्यालय में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
नगर निगम आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रिपेयर मेले का उद्देश्य नागरिकों को उपयोग की गई वस्तुओं को फेंकने के बजाय उनकी मरम्मत के लिए प्रेरित करना है। मेले में नगर के सभी नागरिक अपने पुराने या फटे कपड़े, टूटे हुए बर्तन तथा खराब जूते-चप्पल लेकर आ सकते हैं। नगर निगम के इस अनूठे प्रयास के माध्यम से इन सभी वस्तुओं की मरम्मत कर उन्हें दोबारा उपयोग योग्य बनाया जाएगा। आयुक्त बिनवाल ने कहा कि रिपेयर मेला न केवल कचरे के बढ़ते ढेर पर नियंत्रण लगाने में सहायक होगा, बल्कि संसाधनों की बचत के साथ-साथ स्वच्छ वायु की दिशा में भी एक सार्थक कदम सिद्ध होगा। उन्होंने नागरिकों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी कोशिशें मिलकर बड़े पर्यावरणीय बदलाव ला सकती हैं। नगर निगम का यह प्रयास शहर में "रिड्यूस, रियूज और रिपेयर" की सोच को मजबूती देने के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ ऋषिकेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
