Bareilly : भारत की जीत के बाद ''नाथ नगरी'' में महाशिवरात्री पर दीपावली जैसा नजारा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। भारत और पाकिस्तान के बीच महाशिवरात्रि हुए रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद बरेली का कोना-कोना ''भारत माता की जय'' और ''वंदे मातरम'' के उद्घोष से गूंज उठा। जैसे-जैसे पाकिस्तान के विकेट गिर रहे थे वैसे-वैसे ही क्रिकेट प्रेमियों का जोश परवान चढ़ता जा रहा था। महाशिवरात्रि की रात दीवाली उत्सव जैसा माहौल बन गया। भारत ने पाकिस्तान पर जीत दर्ज कर के अंतिम 8 में अपनी जगह पक्की कर ली।

शहर के मुख्य चौराहे कुतुबखाना और नॉवल्टी पर भारत के जीतते ही युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर थिरके। सिविल लाइंस और डीडीपुरम जैसे इलाकों में आतिशबाजी का नजारा ऐसा था, मानों शहर ने महाशिवरात्रि पर ही दीवाली मना ली हो। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि पाकिस्तान के खिलाफ जीत सिर्फ एक मैच की जीत नहीं, बल्कि बरेली के हर खेल प्रेमी का गर्व है।

शहर के हृदय स्थल कोहाड़ापीर और बारादरी में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। कई जगहों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देख रहे प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बरेली के उत्साही युवाओं ने ''चक दे इंडिया'' के गानों पर देर रात तक जश्न मनाया। प्रशासन भी इस दौरान मुस्तैद रहा, लेकिन खेल भावना और जीत की खुशी के आगे हर कोई बस भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना करता नजर आया।

संबंधित समाचार