Bareilly: मृत व्यक्ति को कागजों में जीवित दिखाकर हथिया ली सीलिंग भूमि

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। करीब नौ साल पहले एडीएम कोर्ट में विचाराधीन नगर सीलिंग के एक वाद में मृत व्यक्ति को कागजों में जीवित दिखाकर बेशकीमती सीलिंग भूमि हथियाने का आरोप लगाते हुए सदर संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की गयी है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बारादरी क्षेत्र के एक कंस्ट्रक्शन एंड डवलपर्स प्रालि कम्पनी के निदेशकों ने फर्जी कागजात से हरुनगला क्षेत्र में सीलिंग भूमि नगर सीलिंग से निकलवाकर राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी करा दी। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता मो.दानिश ने अधिकारियों से मिलकर प्रकरण से जुड़े साक्ष्य भी सौंपे।

एडीएम सिटी सौरभ दुबे की अध्यक्षता में तहसील सदर के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में घेर जाफर खां निवासी मो. दानिश ने शिकायती पत्र सौंपते हुए कहा है कि आरोपियों ने धोखाधड़ी व जालसाजी से कूटरचित दस्तावेज के आधार पर 11 मई 2017 को एक प्रार्थना पत्र न्यायालय सक्षम प्राधिकारी/अपर जिलाधिकारी नगर (नगर) भूमि सीमारोपण में ग्राम हरुनगला की सीलिंग वाद पत्रावली सरकार बनाम मो. जकी में भूमि नगर सीलिंग से मुक्त कराने के संबंध दिया था, जिस प्रार्थना पत्र में मो. वसी उर्फ गोला खां का पंजीकृत मुख्त्यारेआम दिखाया। आरोप लगाया कि कूटरचित फर्जी मुख्यारेआम का विवरण अंकित किया।

मो. वसी उर्फ गोला खां की मृत्यु 28 अक्टूबर 2016 को हो चुकी थी। मृत्यु के बाद मुख्त्यारेआम स्वतः ही समाप्त हो जाता है। आरोपियों पर धमकाने का आरोप लगाया। वहीं, संपूर्ण समाधान दिवस में 19 राजस्व सहित कुल 33 शिकायतें पहुंचीं। एडीएम सिटी व एसडीएम सदर प्रमोद कुमार की ओर से सभी मामलों में जांच कराने के निर्देश जारी किए हैं।

डूडा ऑफिस किस्त का भुगतान नहीं कर रहा
- पंजाबपुरा, सैदपुरिया निवासी संजीव चतुर्वेदी ने शिकायत करते हुए कहा कि उसने आवास बनवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया। वह स्वीकृत हो गया। पहली किस्त में 50 हजार रुपये मिल गए। 2021 में किस्त आई थी। उसके बाद कई बार डूडा दफ्तर के चक्कर काटे लेकिन दूसरी किस्त नहीं जारी की। सर्वे करने कर्मचारी आए थे, कर्मचारी किस्त जारी करने के एवज में रुपये की मांग कर रहे हैं, न देने पर मुकदमा लिखवाने की भी धमकी दी है।

भूमि पर प्लाटिंग करने का आरोप
- ग्राम सिठौरा निवासी प्रदीप कुमार ने शिकायत देते हुए कहा कि गाटा संख्या-244, रकवा 0.1240 हेक्टेयर उसका खेत है। आरोप कि कुछ लोग अवैध रूप से क्षेत्र में कालोनी काट रहे हैं। जिसमें उसके खेत की जमीन है। जिस पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार शाम 4 बजे खेत पर गया तो प्लाट काटने की तैयारी थी। उसके मना करने पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गालीगलौज की गई। मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।

 

संबंधित समाचार