सीएम योगी ने कहा- रैपिड रेल और एक्सप्रेस-वे ने मेरठ-दिल्ली की दूरी घटाई, 50 मिनट में सफर संभव

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक दशक पहले तक मेरठ से दिल्ली की 80-90 किलोमीटर की दूरी तय करने में चार से पांच घंटे तक लग जाते थे और जाम की आशंका से लोग दिल्ली जाने से कतराते थे, लेकिन आज एक्सप्रेस-वे, रैपिड रेल और मेट्रो जैसी परियोजनाओं ने इस दूरी को महज 45-50 मिनट में समेट दिया है। सीएम योगी ने कहा कि लगभग 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। 

मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित हो रहे आधुनिक भारत की नई पहचान बताया। मुख्यमंत्री यहां नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो विस्तार कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे, वंदे भारत, अमृत भारत ट्रेनों और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के माध्यम से एक शहर को दूसरे शहर से तेज, सुरक्षित और अत्याधुनिक ढंग से जोड़ा जा रहा है। इससे न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिली है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा गौतमबुद्ध नगर में नए औद्योगिक संयंत्र की आधारशिला रखी गई है, जो भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भारत की प्रगति का प्रतीक है। हाल में आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने भारत की विकास यात्रा की सराहना की है। 

मुख्यमंत्री ने डिजिटल इंडिया की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज 140 करोड़ से अधिक लोगों को डिजिटल पहचान मिली है और अरबों डॉलर के डिजिटल लेन-देन हो रहे हैं। यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता और वंचितों को प्राथमिकता देने वाली नीति का परिणाम है, जिसके तहत बिना भेदभाव के गरीब, किसान, नौजवान और समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले बड़े प्रोजेक्ट्स की नियमित समीक्षा की परंपरा नहीं थी, लेकिन अब बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों के माध्यम से समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। पिछले दस वर्षों में देश में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निर्माणाधीन है, जो शीघ्र ही तैयार होकर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा। साथ ही उत्तर प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय और अन्य शैक्षणिक व औद्योगिक परियोजनाएं भी तेजी से आकार ले रही हैं। 

उन्होंने कहा कि रैपिड रेल, मेट्रो, एक्सप्रेस-वे और औद्योगिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं विकसित भारत की आधारशिला हैं और उत्तर प्रदेश इस परिवर्तन का सक्रिय भागीदार बन रहा है। मुख्यमंत्री ने मेरठ की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र विकास की इस यात्रा का साक्षी है और आने वाले समय में पश्चिमी उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।  

संबंधित समाचार