Moradabad: छत पर खेल रही 7 साल की बच्ची करंट से झुलसी, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के थाना डिलारी क्षेत्र के गांव सलेम सराय में सात वर्षीया बच्ची छत में खेलने के दौरान हाईटेंशन लाइन के करंट से झुलस गई। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

गांव सलेम सराय निवासी शेर मोहम्मद की धेवती इरम(7) रविवार को घर की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आकर उसे रंट लग गया। करंट लगते ही बच्ची जोर से चिल्लाई। चीख सुनकर घरवाले और आसपास के लोग दौड़ पड़े।

बच्ची की हालत देखकर सभी घबरा गए। परिजन तुरंत उसे डॉक्टर के पास लेकर गए, जहां काफी प्रयास के बाद उसकी जान बचाई जा सकी। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची बुरी तरह झुलसी है और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज जारी है।

कई बार शिकायत करने पर भी नहीं हटाई गए तार, लोगों में रोष
परिजनों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन घर की छत के बहुत करीब से गुजर रही है। कई बार लोगों ने इसे हटाने की मांग की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि अगर समय रहते लाइन को हटाया या ऊंचा किया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। गांव के लोगों में घटना को लेकर गुस्सा है। उनका कहना है कि इस तरह खुले में और घरों के पास से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइनें कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।

संबंधित समाचार